संवैधानिक एजेंसियों के दुरुपयोग से सत्ता बचाने का कुत्सित प्रयास कर रही है केंद्र सरकार : कांग्रेस

रायपुर, 21 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को बयान जारी कर भाजपा और केंद्र सरकार पर लोकतंत्र विरोधी षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिनायकवादी केंद्र सरकार ने पहले कांग्रेस की चुनी हुई सरकारों को गिराया, डर और लालच से नेताओं की खरीद फरोख्त की और जो नेता नहीं झुके उनके ऊपर ईडी, आईटी और सीबीआई जैसे जांच एजेंसियों का अंकुश लगाया।

उन्होंने कहा कि अब जब देश में आम चुनाव हो रहे हैं, आचार संहिता लगने के बाद कांग्रेस पार्टी को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए आयकर विभाग का दुरुपयोग कर रही है। 30 साल पुराने आधारहीन मामले का बहाना करके ठीक चुनाव के पहले कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को जब्त करना अलोकतांत्रिक है। तानाशाही केंद्र सरकार धनबल और केंद्रीय एजेंसी के दुरुपयोग से विपक्ष को डराने और लोकतंत्र को खत्म करने आमादा है।

दीपक बैज ने कहा है कि केंद्र सरकार लोकतंत्र विरोधी षड्यंत्र करके विपक्षी दलों के सीमित संसाधनों को भी छीनने का काम कर रही है। कांग्रेस की पिछली सरकारों ने 70 सालों से निष्पक्ष चुनाव और स्वस्थ लोकतंत्र की जो छवि बनाई थी, केंद्र सरकार और वर्तमान भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व उसके खिलाफ काम कर रही है। भाजपा ने विपक्षी दलों से साधन, संसाधन छीनकर एकाधिकार स्थापित करने का षड्यंत्र रचा है।

दीपक बैज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी बॉन्ड स्कैम को गैर कानूनी और असंवैधानिक करार दिया उसमें भाजपा की बदनीयती उजागर हुई है। जो तथ्य सामने आए हैं जो बेहद चिंताजनक है शर्मनाक है। देश के जांच एजेंसियों ईडी, आईटी को हफ्ता वसूली गैंग के रूप में संचालित किया जाना, ब्लैकमेलिंग और रिश्वतखोरी के स्पष्ट प्रमाण के बावजूद साजिश करके मुख्य विपक्षी दल का बैंक खाता फ्रीज कर देना निंदनीय है। डरी हुई भाजपा सरकार कांग्रेस के बैंक खातों को जब्त करके यह चाहती है कि पैसों के अभाव में बराबरी से चुनाव ना लड़ पाए और इसके लिए आयकर विभाग के माध्यम से बाधा उत्पन्न कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर