अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी असंवैधानिक व लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन

हरिद्वार, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए आम आदमी पार्टी की जिला ईकाई ने विरोध जताया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हेमा भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार देश की सर्वोच्च स्वायत्त एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मुल्यों का हनन कर रही है। ईडी, सीबीआई को एक टूल किट की तरह इस्तेमाल कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार को आगामी लोकसभा चुनाव में हार का डर सताने लगा है, इसीलिए विपक्षी नेताओं को एक-एक कर जेल भेजने का काम कर रहे हैं। चुनाव से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी स्पष्ट संदेश दे रही है कि भाजपा का 400 पार का नारा हवा हवाई है। देश की जनता समझदार है और भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में हराने जा रही है। नरेंद्र मोदी को सबसे ज्यादा डर अरविंद केजरीवाल से लगता है।

पूर्व जिला अध्यक्ष इंजीनियर संजय सैनी ने कहा कि ठीक चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का सीधा संकेत है कि भाजपा ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है।

पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि आज देश में तानाशाही का राज है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का हनन खुलेआम हो रहा है। केंद्र की मोदी सरकार ने कांग्रेस के खाते सीज कर दिए हैं। ईडी, सीबीआई को विपक्षी नेताओं का भ्रष्टाचार तो दिखता है, परंतु इलेक्टोरल बॉन्ड में हजारों करोड़ के घोटाले पर चुप्पी साथ लेते हैं। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है इसका एक-एक कार्यकर्ता अपने नेता के साथ खड़ा है। भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में 200 का आंकड़ा भी नहीं छू रही है।

पूर्व संगठन महामंत्री आशीष गॉड और पूर्व जिलाध्यक्ष सीवाईएसएस अमनदीप ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कामयाबी केंद्र में बैठी मोदी सरकार को हजम नहीं हो रही है और आगामी लोकसभा चुनाव में मिल रही चुनौतियों से घबराकर विपक्षी नेताओं को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने का काम भाजपा कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/जितेन्द्र

   

सम्बंधित खबर