झण्डा मेला : पंजाब से पहुंची पैदल संगत, पुष्प वर्षा से किया स्वागत

- गुरु राम राय महाराज के जयकारों से गूंज उठा परिसर

देहरादून, 22 मार्च (हि.स.)। पंजाब के विभिन्न हिस्सों से 150 सदस्यीय पैदल संगत का जत्था शुक्रवार शाम दरबार साहिब पहुंचा। दूनवासियों व दरबार साहिब झंडा मेला आयोजन समिति ने दर्शनी गेट पहुंचते ही पैदल संगत का पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों की थाप के साथ जोरदार स्वागत किया। दरबार साहिब परिसर गुरु राम राय महाराज के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

दर्शनी गेट एवं दरबार साहिब परिसर में दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में पुष्प वर्षा के बीच संगत का जोरदार स्वागत हुआ। महाराज ने संगत को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया।

दरबार साहिब के व्यवस्थापक विजय प्रसाद डिमरी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी झण्डे आरोहण एवं मेले का साक्षी बनने के लिए पंजाब की पैदल संगत दरबार साहिब पहुंची है। दरबार साहिब में पैदल संगत के पहुंचते ही झण्डे मेले की दिव्यता और भव्यता में चार चांद लग गए हैं। दरबार साहिब में संगतों ने शुक्रवार शाम ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया एवं गुरु राम राय महाराज की महिमा का गुणगान किया।

दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से शुक्रवार दोपहर 3.15 बजे संगत का स्वागत प्राइमरी स्कूल कांवली में किया गया। शाम 05 बजे दरबार साहिब के सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में दर्शनी गेट पर एवं दरबार साहिब परिसर में संगत का भव्य स्वागत किया गया। श्रीगुरु राम राय लक्ष्मण संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ पैदल संगत का स्वागत किया। पैदल संगत के दरबार साहिब में पहुंचते ही रौनक में चार चांद लग गए हैं।

इस प्रकार शुक्रवार से दरबार साहिब में देश-विदेश से आने वाली संगत के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। संगतों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। 29 मार्च को परंपरा के अनुसार पूरब की संगत की विदाई होगी। 30 मार्च को झण्डे आरोहण के साथ ही इस साल के लिए झण्डे मेले का शुभारंभ हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश/प्रभात

   

सम्बंधित खबर