विश्व में शांति लाने को जल संरक्षण का संकल्प जरूरी : प्रो रोहित मिश्रा

प्रयागराज, 22 मार्च (हि.स.)। विश्व में शांति लाने के लिए मानव को जल के संरक्षण का संकल्प लेना होगा। यह बातें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ साइंस एंड सोसायटी के एसो. प्रो.रोहित मिश्रा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कही।

शुक्रवार को नैनी स्थित अंकित विद्या निकेतन इंटर काॅलेज में विभा वानी इंडिया प्रयागराज चैप्टर द्वारा विश्व जल दिवस का आयोजन किया गया। प्रो.रोहित मिश्रा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए विश्व जल दिवस के आयोजन की जरूरत, वर्षा जल संचयन, शुद्ध पीने के पानी का उचित प्रबंधन व संरक्षण के बारे में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्व में शांति लाने के लिए मानव जीवन में जल के संरक्षण का संकल्प लेना ही होगा, नहीं तो आने वाले समय में पानी के लिए युद्ध होंगे।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश तिवारी ने पानी के दुरुपयोग रोकने की अपील की। संजीवनी ट्रस्ट सचिव उदित नारायण शुक्ला ने सभी लोगों को जल संरक्षण के लिए शपथ दिलायी। कार्यक्रम में अजीत खादी ग्रामोद्योग संस्था अध्यक्ष डॉ. अनिल सिंह भदौरिया, जीतेन्द्र सिंह, प्रबंधक अनिल मिश्रा ने भी वर्षा जल संचय, प्राकृतिक जल श्रोतों के संरक्षण हेतु अपील की। अंत में प्रधानाचार्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/दिलीप

   

सम्बंधित खबर