कार में जिंदा जला सेना का जवान

झुंझुनू, 25 मार्च (हि.स.)।राजस्थान में झुंझुनू जिले के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार रात को सेना का एक जवान ड्यूटी पर वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कार समेत सेना का जवान जिंदा जल गया। सेना का जवान एक महीने पहले बेटा होने की खुशी में गांव आया था।

मुकुंदगढ़ थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि विकास भास्कर (25) श्रीनगर में पोस्टेड था। वह कंवरपुरा बालाजी डूंडलोद का रहने वाला था। बेटा होने की खुशी में एक महीने पहले छुट्टी लेकर गांव आया था। छुट्टियां पूरी होने पर ड्यूटी पर वापस लौट रहा था। ट्रेन पकड़ने के लिए वह रविवार रात 10 बजे चचेरे भाई सोनू के साथ मुकुंदगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए कार से निकला था। भाई को एक होटल पर छोड़कर वह कार से 200 मीटर दूर डूंडलोद के बलरिया रोड स्थित अंडरपास तक पहुंचा था कि अंडरपास की दीवार से टकराने के बाद कार में अचानक आग लग गई और हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सेना का जवान और कार पूरी तरह जल चुके थे। घटना की सूचना पर जवान के परिजन मौके पर पहुंचे। मुकुंदगढ़ पुलिस ने भी मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया। अंडरपास में कुछ मीटर पहले गाड़ी के घिसटने जैसे निशान दिख रहे हैं। जवान का मोबाइल भी घटना से कुछ दूर मिला है।

विकास के चचेरे भाई सोनू ने बताया कि विकास को मुकुंदगढ़ रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए मैं घर से रात करीब 10 बजे उसके साथ कार में निकला था। घर से पांच किलोमीटर दूर स्मृति होटल पर सुपारी लेने के लिए मैं रुक गया। विकास ने कहा कि तू यहीं पर रुक मैं डूंडलोद बाजार से साबुन लेकर आता हूं। वापस घूमकर 200 मीटर दूर जाते ही अंडरपास में हादसा हो गया। राहगीरों ने ही एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी थी। शोर-शराबा सुनकर मैं घटनास्थल पहुंचा। भाई को बचाने के लिए कार से बाहर निकालने के प्रयास में उसका हाथ भी झुलस गया।

जानकारी के अनुसार एक महीने पहले ही विकास भास्कर की पत्नी कविता ने बेटे को जन्म दिया है। इसी खुशी के मौके पर विकास छुट्टी लेकर घर आया था। कुछ लोग इस घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। अब जांच के बाद ही सारे सवालों के जवाब मिल पाएंगे। जानकारी के अनुसार विकास दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई हैदराबाद में काम करता है। विकास सात साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। 2021 में उसकी शादी हुई थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रमेश सर्राफ/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर