उप्र में बादलों से घिरा रहेगा आसमान, हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 26 मार्च (हि.स.)। पहाड़ों पर बदल रही मौसमी गतिविधियों से उत्तर प्रदेश का मौसम भी बराबर बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आसमान बादलों से घिर जाता है। इससे तापमान में उतार चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से एक बार फिर महीना के अंत तक हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी पछुआ हवाओं के साथ, जिनकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, लगभग 50 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 28 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रही है। पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से लेकर दक्षिण-पूर्व असम तक छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के निचले स्तर तक फैली हुई है। एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से विदर्भ तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। 29 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित होने की संभावना है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों आसमान बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान बादलों की आवाजाही से तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा।

कानपुर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 53 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 27 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 4.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के कारण स्थानीय स्तर पर तीन दिन बाद हल्की वर्षा होने की संभावना है। हवाओं की गति भी औसत से अधिक रह सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर