मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर ने अबीर-गुलाल लगाकर सभी को दी होली की शुभकामनाएं

--भव्य सजावट के बीच हुआ गीत-संगीत का कार्यक्रम

--हमारा देश-प्रदेश और तरक्की करे, यही संकल्प लेना चाहिए : नन्दी

प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी व पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने बुधवार को मुट्ठीगंज स्थित कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, समर्थकों के साथ सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की खुशियां बांटी। साथ ही प्रदेश व प्रयागराज वासियों को रंगों के त्योहार की शुभकामनाएं दीं। नन्दी ने कहा कि प्रयागराज का हर एक घर हमारा परिवार है। परिवार के सदस्यों के साथ त्यौहार मनाने का आनन्द ही कुछ और है।

बुधवार की सायं मुट्ठीगंज कार्यालय में आयोजित होली मिलन उत्सव में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक सपरिवार शामिल हुए। जिनमें बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहीं। साथ ही गीत संगीत एवं रात्रि भोजन का भी इंतजाम अतिथियों के लिए किया गया था। होली मिलन समारोह में मंत्री नन्दी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को गुलाल लगाते हुए होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपील की कि रंगों के पर्व होली को सामाजिक सौहार्द के प्रतीक के तौर पर मनाएं।

नन्दी ने कहा कि होली हमारी संस्कृति का पर्व है। होली सबकी जिंदगी में खुशियों का रंग लाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश नित नई ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है। हमारा देश-प्रदेश और तरक्की करे, आगे बढ़े आज यही संकल्प होना चाहिए। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बिना किसी भेदभाव के लोग एक-दूसरे के प्रति प्रेम-सद्भाव का व्यवहार रखते हैं, लोग आपस में मिल-जुलकर खुशियां बांटते हैं।

इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, कीडगंज मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र मिश्रा, मीरापुर मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, नैनी मंडल अध्यक्ष दिलीप केसरवानी आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित

   

सम्बंधित खबर