आपातकाल थोपने और सौ सरकारें बर्खास्त करने वाली कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई न दे: सुशील मोदी

पटना, 31 मार्च (हि.स.)। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आईएनडीआई गठबंधन की दिल्ली रैली पर रविवार को यहां कहा कि यह सौ-सौ चूहे खाकर हज करने वालों का मेला था। जिस कांग्रेस ने 60 साल में 100 से अधिक निर्वाचित राज्य सरकारें बर्खास्त कीं और देश पर आपातकाल थोपा, उसके नेता लोकतंत्र बचाने की गुहार लगा रहे हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि घोटालों के आरोप में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए दिल्ली सरकार के मंत्री हों या उनके नेता केजरीवाल, किसी को देश की किसी अदालत से राहत नहीं मिली। विपक्ष बताये कि क्या उसे न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी बांड और खाता सीज होने के मामले पर भी दुष्प्रचार कर रही है। वे बतायें कि कांग्रेस को 1600 करोड़ कहां से मिले?

मोदी ने कहा कि कांग्रेस, राजद, सपा सहित गठबंधन के सभी दलों में आंतरिक लोकतंत्र समाप्त हो चुका है लेकिन ये लोकतंत्र बचाने के नाम पर जनता को भ्रमित करने में लगे हैं। राजद में 26 साल से केवल लालू प्रसाद अध्यक्ष हैं और कांग्रेस गांधी परिवार रबर स्टाम्प-अध्यक्ष से काम चला रहा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन और इसकी रैली का असली मकसद लोकतंत्र नहीं, परिवारवादी राजनीति का भ्रष्टाचार बचाना है। लोकतंत्र और यह देश तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरी तरह सुरक्षित है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर