लोकसभा चुनाव : मोदी की 10 वर्ष की उपलब्धियों से ही देश सुशासन व विकसित राष्ट्र की श्रेणी में : नितिन

महासमुन्द/रायपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने रविवार को लोकसभा प्रबंधन समिति के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 10 साल की कार्यकाल की उपलब्धियों से ही आज भारत देश सुशासन और विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा हुआ है। राष्ट्रसेवक मोदी ने अपने 10 वर्षों के बेदाग कार्यकाल में सुशासन और विकास की कल्पना को साकार करते हुए जनहित की योजनाओं को पूरा किया है और पूरे देश प्रदेश में विकास कार्यों का इतिहास रचा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता ने मोदी की दी हुई गारंटी पर विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा के समर्थन में जनादेश दिया है। नबीन महासमुंद लोकसभा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और सदस्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रभारी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकसभा उम्मीदवार रूपकुमारी की विजय अभियान के सभी सारथी एक मंच पर उपस्थित हैं। आप सभी के सामंजस्य और एकजुटता से हम चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे। यह आप सभी का उत्साह और मोदी की सुशासन वाली सरकार की गारंटी बता रही है। आगामी तीन अप्रैल को भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के दौरान ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का दिशानिर्देश देते हुए कहा कि देश की एकता अखंडता और अस्मिता के लिए मोदी से बेहतर विकल्प कोई नहीं है, इस बात को देश की जनता जानती है। कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यों की विस्तार से जानकारी भी प्रदेश प्रभारी के द्वारा दी गयी।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर