मोदी कहते हैं भ्रष्टाचार हटाओ, इंडी गठबंधन कहता है भ्रष्टाचार को बचाओ : ब्रजेश पाठक

देश की जनता को गुमराह कर रहा इंडी गठबंधन : ब्रजेश पाठक

इंडी गठबंधन ठगबंधन है और घोटालेबाजों की बारात है : ब्रजेश

लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर एक प्रेसवार्ता के दौरान इंडी गठबंधन पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश से भ्रष्टाचार को हटाना चाहते हैं, जबकि इंडी गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहता है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन रैली कर देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चाहे जितने हमले कर लें वह रूकने वाले नहीं हैं। मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है। वह देश को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि इंडी गठबंधन ठगबंधन है और घोटालेबाजों की बारात है। वह यह भी चाहते हैं उनके भ्रष्टाचार की चर्चा न हो। एक्शन भी न हो। उन्होंने कहा कि आम आदमी कहती है केजरीवाल के समर्थन में रैली हो रही है। कांग्रेस कहती है यह किसी व्यक्ति के समर्थन में नहीं, पूरे गठबंधन की रैली है। कांग्रेस दिल्ली में तो इलू-इलू कर रहे हैं पंजाब में अलग-अलग लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष पूरी तरह से हताश व निराश है। विपक्ष को प्रत्याशी खोजे नहीं मिल रहे हैं। जो प्रत्याशी हैं वह लड़ना नहीं चाहते हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश की 80 में 80 लोकसभा सीटें जीतेगी। मोदी ने गरीब कल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश का देश का हर नागरिक मोदी को अपना मानता है। प्रधानमंत्री ने गरीब आदमी के जीवन स्तर को सुधारने का काम किया है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि केजरीवाल पर जब कोर्ट से मामला तय हो रहा है तो क्या इंडी गठबंधन कोर्ट के खिलाफ रैली कर रहा है। जितना हो सके लूट इनका काम है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार से सब परिचित हैं। इन्हें केवल परिवार की ही चिंता है। कांग्रेस भी भ्रष्टाचार के दलदल में डूबी है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर