मोदी की गारंटी पर प्रदेश की 80 सीटें जीतेगी भाजपा : भूपेन्द्र चौधरी

अमरोहा, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सोमवार को कहा कि मोदी की गारंटी पर जनता की विश्वसनीयता से भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने जा रही है। वह अमरोहा के जूही के मैदान में भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर के समर्थन में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने देश में जन-जन तक पक्का घर, राशन, दवाई, पढ़ाई सहित सड़क, बिजली, पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए विकसित भारत की आधारशिला तैयार की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने सशक्त कानून व्यवस्था से उत्तर प्रदेश से माफियाराज, गुंडागर्दी, रंगदारी सहित सत्ता संरक्षित अपराध को समाप्त करने का काम किया है। आज जनता के बीच मोदी की गारंटी काम कर रही है।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के सभी संकल्पों को पूर्ण करते हुए जम्मू कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति, भव्य राममंदिर का निर्माण, सीएए लागू करने व तीन तलाक पर रोक लगाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विकसित भारत के संकल्प के साथ जनता के बीच है। विकसित भारत के संकल्प में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण है, जो जन-जन की आत्मनिर्भरता से वैभवशाली राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना को साकार रूप देगा।

इस अवसर पर विधायक राजीव तरारा, विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी, शिक्षक एमएलसी डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लों, जिला प्रभारी सतपाल सिंह पाल, जिला अध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी, लोकसभा प्रभारी राजीव सिसोदिया ने भी नामांकन सभा को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर