(अपडेट)मुरैना: बालाजी दर्शन करने जा रहे यात्रियों की बस पलटी, 40 घायल

मुरैना, 02 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल हाईवे 44 सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बालाजी दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में 40 से अधिक यात्री घायल हुए है। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई थी। हादसा सोमवार-मंगलवार की दरिम्यानी रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया।

जानकारी के अनुसार ग्वालियर से मेहंदीपुर बालाजी दर्शन करने जा रहे यात्री एक स्लीपर कोच बस में सवार थे। बस जब धौलपुर की ओर जा रही थी उसी समय नेशनल हाईवे क्रमांक 44 सिकरौदा नहर के पास अनियंत्रित होकर पलटी गई। इस घटना में 40 यात्री घायल हो गए। हादसे के तत्काल बाद वहां पहुंचे जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी आलोक परिहार और उनकी टीम ने सभी घायलों को ड्यूटी डॉक्टरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में से एक बच्चे और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद काफी देर तक एबी रोड पर वाहनों का जमावड़ा लग गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर