गुजरात के राज्यपाल ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, सारनाथ भ्रमण

राज्यपाल गुजरात शास्त्री संग्रहालय  में

वाराणसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मंगलवार को काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में अपने परिजनों के साथ राज्यपाल ने विधिवत बाबा का अभिषेक कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दर्शन पूजन किया।

अयोध्या से रामलला के दरबार में दर्शन पूजन कर काशी आए राज्यपाल ने भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली ऐतिहासिक सारनाथ और चौबेपुर उमरहा स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम का भी अवलोकन किया। सारनाथ में राज्यपाल ने पुरातात्विक खंडहर परिसर, संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय में भारत की राष्ट्रीय चिन्ह अशोक के सिंह स्तंभ की अनुकृति देख अभिभूत नजर आए।

राज्यपाल ने संग्रहालय में रखे भारत का राष्ट्रीय चिन्ह शीर्ष सिंह, बौद्ध व जैन की मूर्तियों को देखा और इतिहास को समझा। इसके बाद पुरातात्विक खण्डहर परिसर में पुरावशेषों का अवलोकन कर धमेख स्तूप को भी देखा। राज्यपाल मूल गंध कुटी विहार भी पहुंचे। यहां महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के बौद्ध भिक्षु ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके पहले बीते सोमवार को गुजरात के राज्यपाल रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री के आवास पर पहुंचे। और अपने परिजनों के साथ यहां संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय के केयर टेकर महेंद्र श्रीवास्तव ने संग्रहालय में चित्र वीथिका, किचन, कक्ष, संग्रहालय में रखी शास्त्रीजी से जुड़ी अन्य स्मृतियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने शास्त्री जी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर