सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल

ग्वालपाड़ा (असम), 04 अप्रैल (हि.स.)। ग्वालपाड़ा जिले के कृष्णाई के कासुमारी गारोपारा में एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि मेघालय से कृष्णाई की आ रही एक इंडिका कार (एएस-01एडी-0739) अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक विशाल पेड़ से टकरा गयी। जिसके चलते वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं ड्राइवर एवं अन्य दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को बचाया और उन्हें ग्वालपाड़ा सिविल अस्पताल भेजा, लेकिन वाहन के चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मृतक चालक की पहचान संकोमारी गांव के अब्दुल अली (43) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों की पहचान झाराबादी गांव के बाबू शेख (45) और बजरुक मानिकपुर गांव के जुबिरुल इस्लाम (44) के रूप में हुई है। दोनों घायलों का इलाज ग्वालपाड़ा सिविल अस्पताल में चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर