रायपुर : डोंगरगढ़ रहा सर्वाधिक गर्म ,तापमान में बदलाव के आसार नहीं

रायपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में अप्रैल माह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अलग -अलग हिस्सों में भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि गुरुवार को प्रदेस भर में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ डोंगरगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। सर्वाधिक सबसे न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया है।

अप्रैल माह की शुरुआत में रायपुर का अधिकतम तापमान पिछले तीन साल में अधिकतम 39 डिग्री दर्ज किया जाता था। लेकिन अबकी बार ऐसा नहीं है। अप्रैल माह के शुरुआती हफ्ते में ही पारा 40 डिग्री को पार कर चुका है।रायपुर शहर में पिछले 10 साल में औसत पारा 45 डिग्री के आसपास रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही 6 और 7 अप्रैल को बिलासपुर, रायपुर और राजनांदगांव समेत कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।

एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण तमिलनाडु से दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश तक आंतरिक कर्नाटक विदर्भ होते हुए एक द्रोणिका का असांतत्य औसत समुद्र से 0.9 किमी ऊंचाई पर स्थित है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर का मौसम शुष्क रहेगा वहीं प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षों होने और अंधड़ 30 से 40 किमी प्रति घंटे चलने की संभावना है।

प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान डोंगरगढ़ का 42.4 डिग्री, राजनांदगांव का 41.3 डिग्री सेल्सियस दंतेवाड़ा का 39.7 डिग्री सेल्सियस के अलावा कोरिया का 38.7 डिग्री, सूरजपुर 38 डिग्री, बलरामपुर का 39.6 डिग्री, सरगुजा 38.9 डिग्री, जशपुर 39 डिग्री, कोरबा 39.7 डिग्री, बिलासपुर 39.8 डिग्री,रायपुर 41 डिग्री, बालोद 40, कांकेर 39.1 डिग्री, नारायणपुर 37.7 डिग्री, बस्तर 39.8 डिग्री और बीजापुर का अधितकम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर