अन्यायी कांग्रेस को न्याय पत्र जारी करने का कोई अधिकार नहीं- विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल, 5 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने न्याय-पत्र नाम से अपना जो चुनाव घोषणा-पत्र जारी किया, वह कांग्रेस का ‘न्याय-पत्र‘, न्याय नहीं अन्याय की गारंटी है। अन्यायी कांग्रेस को न्याय-पत्र जारी करने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस के न्याय-पत्र का मतलब असुरक्षित महिलाएं, बेरोजगारी, किसानों पर कर्ज का बोझ, मजबूर और बेबस मजदूर, साथ ही वंचितों के साथ भेदभाव और शोषण तथा तानाशाही और दिखावे का लोकतंत्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने का कार्य किया है।

यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के न्याय पत्र को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मिस्टर बंटाढार के इशारे पर मिस्टर करप्शननाथ ने मध्यप्रदेश में अपने 15 माह के कुशासनकाल में मुख्यमंत्री प्रसूति सहायता योजना बंद कर गर्भवती महिलाओं को लड्डू खाने के लिए मिलने वाले 16 हजार रूपये डकार लिए थे। जिन कांग्रेसियों ने सरकार में रहते हुए बैगा-भारिया एवं सहरिया बहनों को अतिकुपोषण मिटाने के लिए हर मिलने वाले एक हजार रुपये पर डाका डाला हो, क्या वे महालक्ष्मी गारंटी और एक लाख रुपये की सलाना सहायता महिलाओं को दे सकते हैं?

पूरी आबादी का हक लूटने वाले आधी आबादी को क्या हक देंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जो सत्ता में रहते हुए घोटाले और भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाती है। जिन्होंने सरकार में रहते हुए पूरी आबादी का पूरा हक लूटा हो, वो आधी आबादी-पूरा हक देंगे? कांग्रेस नेता स्व. राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए स्वयं कहा था कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के लिए दिल्ली से एक रूपए भेजता हूं तो गरीबों को सिर्फ 15 पैसे ही मिल पाते हैं, बाकी 85 पैसे कांग्रेस के बिचौलिए ही खा जाते थे। जिस कांग्रेस के नेता आये दिन महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी, टंचमाल और आइटम जैसे निंदनीय शब्दों का प्रयोग कर नारी शक्ति का अपमान करते हों, वो नारी शक्ति का सम्मान क्या करेंगे?

झूठ का पुलिंदा है कांग्रेस का घोषणा पत्र

शर्मा ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी के नेता महिलाओं को सजावट का सामान समझते हों, भरे मंच से अपनी पार्टी की महिला नेत्रियों को अपमानित करते हों वो किस तरह ‘अधिकार मैत्री’ के तहत महिलाओं को उनके हक के लिए जागरूक करेंगे? कांग्रेस का न्याय-पत्र एक झूठ के पुलिंदे से अधिक कुछ भी नहीं है। कांग्रेस पार्टी फिर एक बार जनता को छलने के लिए अपने झूठे वादों को न्याय-पत्र का नाम दे रही है। महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित कराकर देश की लोकसभा और प्रदेश की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून बनाया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर