लोकसभा चुनाव : झूठ का पुलिंदा है कांग्रेस का घोषणा पत्र : जी वेंकट

देश में 55 साल शासन करने वाली कांग्रेस के घोषणा पत्र में न्याय शब्द का उपयोग करना हास्यास्पद

जगदलपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बस्तर जिला प्रभारी जी. वेंकट ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस के द्वारा जारी किये गये घोषणा पत्र में दूरदर्शिता और गंभीरता का अभाव है। विकसित भारत की कोई कार्य योजना कांग्रेस के पास नहीं है। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन का कोई प्रावधान उनके वादे में नहीं है। देश की रक्षा और सामरिक जरूरतों को लेकर कोई भी ठोस योजना प्रस्तुत करने में कांग्रेस असफल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा और देश की वास्तविक स्थितियों से कोसों दूर है। पूरे घोषणा पत्र में कांग्रेस यह बताने में असफल रही कि 55 वर्ष तक देश में शासन करने के बाद भी उन्हें न्याय शब्द का प्रयोग अपनी घोषणा पत्र के लिए क्यों करना पड़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष का बयान घोषणा पत्र पढ़ने के दौरान दर्शा रहा था कि देश के विकास में जनता के सभी वर्ग के योगदान को स्वीकारने की बजाय केवल कांग्रेस की ही भूमिका को सर्वोपरि रखना चाहते थे।

भाजपा जिला प्रभारी जी. वेंकट ने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में जनता को नए सब्जबाग दिखाती है और सरकार बनने के बाद जन सरोकारों से दूर हो जाती है। छत्तीसगढ़ इसका सबसे बड़ा उदहारण है, जहां 15 वर्ष सत्ता से दूर रहने के बाद जब कांग्रेस को सत्ता मिली तो बेरोजगारों के साथ, दैनिक वेतन भोगियों के साथ, महिलाओं को 500 रुपये प्रति माह दिये जाने के वादे का क्या हश्र किया। इसे छत्तीसगढ़ की जनता ने देखा है। जनता जनार्दन से सदैव झूठ बोलने वाली और छल करने वाली कांग्रेस देश और प्रदेश की सत्ता से बाहर है, जिसे जनता ने ही सत्ता से उखाड़ फेंका है। कांग्रेस किसी भी तरह सत्तासीन होने के लिये एक बार फिर झूठे वादों का पुलिंदा अपने फर्जी घोषणा पत्र के रूप में लेकर घूम रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर