भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं का सम्मान कर मनाया स्थापना दिवस

फिरोजाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव के चलते भाजपा का पूरा जोर बूथ की मजबूती पर है। शनिवार को पार्टी का स्थापना दिवस बूथों पर मनाया गया। प्रमुख नेता भी फिरोजाबाद बूथों पर पहुंचे तथा उन्होंने पन्ना प्रमुख एवं बूथ समिति के साथ में बैठक की। भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस पर घर-घर पहुंचे तथा उन्होंने घरों पर पार्टी के झडें लगाते हुए बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं का सम्मान किया।

भारतीय जनता पार्टी का 45 वां स्थापना दिवस बूथों पर मनाया गया। जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मंडल एवं शक्ति केंद्रों के संयोजक भी बूथों पर ही रहे। प्रभारी बूथ अध्यक्ष भी आवंटित बूथ पर उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने टूंडला विधानसभा के बूथ नंबर 146 पर पन्ना प्रमुखों एवं बूथ समिति के साथ में बैठक की।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि छह अप्रैल 1980 को एक अधिवेशन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा की स्थापना कर एक छोटा सा पौधा लगाया था। वह आज विशाल वटवृक्ष बनकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं में से निकल नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री के रूप में जनकल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।

कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क किया तथा बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं का सम्मान किया। घरों पर पार्टी का झंडा भी लगाया। हनुमंत बघेल, नीलम दिवाकर, विधानसभा संयोजक शिव शंकर शर्मा, योगेंद्र चौहान, दिनेश गुप्ता, देवेश्वर बघेल, राजन सिंह निषाद, सचिन जैन, कौशल तिवारी, विवेक वर्मा, विनोद बाबू, गिरवर निषाद एवं प्रदीप जैन टाइगर आदि उपस्थित रहे। भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश शंखवार सहित अन्य नेता भी अपने-अपने बूथ पर स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष ने पार्टी के जिला कार्यालय पर भी झंडा फहराया।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल /राजेश

   

सम्बंधित खबर