तृणमूल कार्यकर्ता पर धारदार हथियार से हमला, एक गिरफ्तार

नदिया, 07 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले नदिया जिले में रविवार को तृणमूल का गुटीय संघर्ष खुलकर सामने आ गया है। नदिया के चापड़ा में तृणमूल के दो गुटों के बीच मारपीट से तनाव फैल गया। पार्टी के एक अन्य कार्यकर्ता पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तृणमूल कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद चापड़ा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घायल तृणमूल कार्यकर्ता का नाम शरीफुल विश्वास है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात घुनारा गांव में हंगामा हुआ था। तृणमूल कार्यकर्ता शरीफुल विश्वास इंजन वैन से चापड़ा बाजार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि छोटा अंदुलिया बस स्टैंड के पास सड़क पर तृणमूल आश्रित बदमाशों ने उनकी वैन रोकी और उन्हें खींचकर खेत की ओर ले गये। इसके बाद कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में शरीफुल गंभीर रूप से घायल हो गये। शरीफुल को चापड़ा थाने की पुलिस ने छपरा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उन्हें शक्तिनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी शारीरिक हालत गंभीर है।

घायल तृणमूल कार्यकर्ता शरीफुल के भाई हफीजुल ने कहा कि मेरा भाई बाजार से लौट रहा था। दूसरे गुट के कुछ सदस्यों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। मेरा भाई भी तृणमूल करता है।

घायल व्यक्ति के परिवार की ओर से 12 लोगों के नाम पर चापड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। छपरा पुलिस ने जांच के बाद एक तृणमूल कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को रविवार को कृष्णानगर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार शख्स का नाम बाकिर शेख है। वह चापड़ा थाने के सीमावर्ती सुनटिया गांव का निवासी है। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर