नाम बदल कर मुस्लिम महिला ने की शादी, सौतेले बेटे का कराया खतना

मेरठ, 08 अप्रैल (हि.स.)। ब्रह्मपुरी क्षेत्र की मास्टर कॉलोनी निवासी युवक ने अपनी पत्नी पर नाम छिपाकर शादी करने और मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है कि उसकी पत्नी ने अपनी बहन के साथ मिलकर सौतेले बेटे का खतना भी करा दिया।

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की मास्टर कॉलोनी निवासी विपिन ने सोमवार को पुलिस से शिकायत की। उसने बताया कि पत्नी कोमल वर्मा से उसका 2022 में तलाक हो गया था। तलाक के आदेश में कोर्ट ने उसके तीनों बच्चों की अभिरक्षा उसे दी थी। कोमल को बच्चों से मिलने-जुलने की अनुमति दी थी। इसके बाद विपिन ने नैना वर्मा नाम की युवती से शादी कर ली थी। विपिन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नैना का बच्चों के प्रति ठीक व्यवहार नहीं था। वह बच्चों के साथ मारपीट करती थी और उन पर नमाज पढ़ने का दबाव बनाती थी। बाद में पता चला कि नैना का असली नाम शहजादी है और उसने फर्जी कागजात तैयार करके उसके साथ शादी की है। आरोप है कि नैना ने विपिन और उसके परिवार पर मतांतरण का भी दबाव बनाया। विपिन ने आरोप लगाया कि नैना उर्फ शहजादी उसके पुत्र यश को अपने साथ सहारनपुर ले गई और अपनी बहन रानी के साथ मिलकर उसका जबरन खतना करा दिया। जब विपिन सहारनपुर पहुंचा तो तीन-चार लोगों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की। किसी तरह से वह बचकर भागा और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, आरोपितों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर