बूथ की मजबूती से ही विजय संभव : धर्मपाल

-सपा-बसपा-कांग्रेस व भाजपा की सरकार के बीच अन्तर बताएं

बुलन्दशहर, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुलन्दशहर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पुष्पवर्षा करके बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन किया। इस दौरान गगनभेदी स्वर में अबकी बार 400 पार का संकल्प गूंजा।

बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश का वातावरण भाजपा के अनुकूल है। बूथ की मजबूती से ही बूथ विजय संभव है। हमें लोगों को पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। बूथ पर डटे रहना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण तथा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से “कमल निशान-उन्नति, सुरक्षा व समृद्धि की पहचान” बना। बैठक में सिटिंग प्लान के साथ गौतमबुद्धनगर लोकसभा की सिकन्दराबाद विधानसभा के बूथ अध्यक्ष शामिल रहे।

धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक व सामरिक उन्नति के साथ सबको साथ लेकर देश में सबका विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती के लिए बूथ के मतदाताओं तथा लाभार्थियों के साथ नियमित सम्पर्क तथा मोदी सरकार व योगी सरकार की नीतियों व योजनाओं के साथ संवाद आवश्यक है। बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की नियमित बैठक तथा कार्यों का वर्गीकरण प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि बैठकों के दौरान सभी सदस्यों का घर से टिफिन लाकर साथ बैठकर भोजन करने से परिवार के रूप में काम करने का संस्कार विकसित होता है, जो कार्य को सहज, सरज तथा सफल बनाता है।

भाजपा सरकार में कानून का राज

धर्मपाल सिंह ने कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकारों के समय प्रदेश में अपराधीकरण से भय का वातावरण था। आज भाजपा सरकार में कानून के राज से भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है। गन्ना किसानों का भुगतान हो रहा है, गरीबों को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सुरक्षा के वातावरण में देश व प्रदेश सफलता के नये आयाम स्थापित कर रहा है। सपा-बसपा-कांग्रेस व भाजपा की सरकार के बीच के इस अंतर पर भी प्रत्येक बूथ, मोहल्ले, गांव, चौपालों पर चर्चा करना है।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/दिलीप

   

सम्बंधित खबर