मोदी देश को अद्भुत दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं: शिवराज सिंह चौहान

छिंदवाड़ा, 8 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को छिंदवाड़ा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में तीन विधानसभाओं में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने पांढुर्णा विधानसभा के बड़चिचोली, अमरवाड़ा विधानसभा के धनौरा और जुन्नारदेव विधानसभा के चावलपानी में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं शिवराज ने नर्मदापुरम लोकसभा उम्मीदवार दर्शन सिंह चौधरी के समर्थन में भी पिपरिया में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, छिंदवाड़ा में आखिर कब तक कांग्रेस रहे और क्यों रहे। कांग्रेस ने किया ही क्या है..? भाजपा ने हमेशा से परिवारवाद का विरोध किया है। एक ही परिवार का राज नहीं चलेगा। छिंदवाड़ा की माटी का लाल, क्यों विधायक, सांसद नहीं बन सकता। इस बार छिंदवाड़ा में भी कमल खिलेगा।

कांग्रेस वोट पाने लायक नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, 500 साल का संकल्प पूरा हो रहा था, आयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही थी, हर घर पर भगवा पताका लहरा रही थी, बहनें दीप जला रही थी, हर कोई भगवान राम के दर्शन करने के लिए आतुर था, पूरा देश खुशियां मना रहा था, केवल कांग्रेस पार्टी मायूस थी। प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि हम नहीं जाएंगे। अब ऐसी कांग्रेस जो भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा में न जाए ऐसी कांग्रेस पार्टी वोट पाने लायक नहीं है। कांग्रेस का नेतृत्व खत्म हो गया, बुद्धि बिगड़ गई है। कांग्रेस भारत की जड़ों से कट गई है, वो इस माटी को नहीं जानते, महापुरुषों को नहीं जानते, यहाँ के दर्शन को नहीं जानते, कांग्रेस लोगों का भला नहीं कर सकती है।

मोदी देश को अद्भुत दिशा में लेकर जा रहे

शिवराज ने कहा कि, मुझे कहते हुए तकलीफ होती है कांग्रेस ने हमारे देश को तबाह किया है। जब तक कांग्रेस की सरकारें हुआ करती थी, कांग्रेस के प्रधानमंत्री हुआ करते थे, कमलनाथ जी भी कई बार मंत्री रहे हैं, तो भारत की इतनी इज्जत और मान-सम्मान दुनिया में नहीं था। भारत को घपले-घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से पूरी दुनिया में भारत का डंका बजा है। दुनिया के कोने-कोने में भारत की जय-जयकार हो रही है। पहले छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, पाकिस्तान भी हमें आँखें दिखाता था। अब जो हमें आँख दिखाते थे वहाँ की जनता आटे के लिए तरस रही है और भारत आज दुनिया में लगातार आगे बढ़ता जा रहा है और दुनिया में भारत की चर्चा हो रही है।

हर बहन बनेगी लखपति दीदी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। मैंने में भी बचपन से देखा था बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता था। बेटी बोझ न बने वरदान बन जाए इसलिए हमने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की है। उसके बाद कन्या विवाह योजना शुरू की, लाखों बेटियों की शादी करवाई। गरीब बहनों को हजार रुपये की भी जरूरत पड़ जाए तो हाथ फैलाना पड़ता था, धरती के संसाधनों पर बहनों का भी हक है, इसलिए क्रांतिकारी फैसला किया और मध्यप्रदेश की धरती पर बेटियों और बहनों का अकाउंट खोला और हर महीने खाते में पैसा दिया जा रहा है। केवल लाड़ली बहना नहीं अब अभियान चलेगा लखपति बहना, नारी दुख के समुद्र में क्यों डूबी रहे, बहनों को आगे बढ़ने दो। इसलिए लखपति बहना अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत हर गरीब को लखपति दीदी बनाएंगे। लखपति दीदी मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की सालाना आय 1 लाख रुपये ज्यादा हो।

जनता से दिल का रिश्ता है

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, जनता से मेरा रिश्ता पदों का नहीं बल्कि दिलों और आत्मा का रिश्ता है। सभी बहनें मेरे लिए देवी की मूर्तियां हैं और बेटियां तो साक्षात देवी हैं। मैं हर कार्यक्रम से पहले बेटियों की पूजा करता हूं और बहनों के पैर धोकर पानी माथे से लगाता हूं। जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। उन्होंने कहा कि, भगवान,11 रूपए और नारियल से प्रसन्न नहीं होते हैं, भगवान खुश तब होंगे जब आप दूसरों की सेवा करोगे, दूसरों का भला करोगे। दूसरों को दुख पहुंचाया तो भगवान खुश नहीं होंगे। अपना जन्म तो इसलिए है कि, जब तक सांस चले, तुम्हारी सेवा करते रहें। चौहान ने कहा कि, मैं अपनी अंतिम सांस तक जनता की सेवा करूंगा।

भाजपा की विजय का संकल्प

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, देश की दृष्टि से देखें तो मोदी नंबर वन नेता हैं और पार्टी के हिसाब से देखें तो भारतीय जनता पार्टी नंबर वन पार्टी है। देश और मध्यप्रदेश में केवल भाजपा सरकार ने ही विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस की सरकार में तो मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने कई जन-कल्याणकारी योजनाओं को ही बंद कर दिया था। शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा में अपील करते हुए कहा कि, आइए हम संकल्प लें कि, परिवारवाद को समाप्त करेंगे और इस बार छिंदवाड़ा में खिला हुआ कमल प्रधानमंत्री मोदी जी को भेंट करेंगे और तीसरी बार नरेन्द्र मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री बनने में अपना सहयोग देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर