मोदी की ताकत मातृशक्ति एवं युवाशक्ति, आपके परिश्रम से कमल खिलेगा : अनिल राजभर

--अपनी मेहनत और स्थानीय योजनाओं से विपक्षियों की जमानत जब्त कराकर कमल खिलाएं : अनिल राजभर

--बारा विधानसभा वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन

प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव रूपी जंग और युद्ध के समय जीत का परिणाम आप जैसे अगली पंक्ति के कार्यकर्ताओं के समर्पण और नीतियों पर निर्भर करती है, क्योंकि हमारी लड़ाई देश विरोधी शक्तियों से है, मोदी विरोधी शक्तियां गोलबंदी कर रही हैं। लेकिन आपके परिश्रम और पुरुषार्थ से भाजपा का कमल ऐतिहासिक रूप से खिलेगा। भाजपा और मोदी की ताकत मातृशक्ति और युवाशक्ति है।

यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व प्रयागराज क्लस्टर प्रभारी अनिल राजभर ने मंगलवार को बारा विधानसभा के वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता बढ़ाकर जन-जन से सम्पर्क बढ़ाएं। नवमतदाताओं से सम्पर्क कर जागरूक करना होगा। पिछली सरकारें कैसे चलती थी? जब गुंडाराज, माफिया, भ्रष्टाचार आदि-आदि की जानकारी देंगे तो युवा पगड़ी बांध कर कमल निशान लेकर निकल पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विरोधियों के हौंसले पस्त कर दीजिए। अपनी मेहनत और स्थानीय योजनाओं से विपक्षियों की जमानत जब्त कराकर मोदी के आह्वान पर प्रत्येक बूथों पर 10 प्रतिशत अधिक मतदान के लक्ष्य को पूरा करेंगे तो ऐतिहासिक जीत के साथ मोदी सरकार की हैट्रिक बनेंगी।

राजभर ने कहा कि हम सब मां भारती को विश्व भारती बनाने के लिए निरंतर कार्य करते हैं। हम सबको नामांकन, रैली, जनसभा, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, जनसम्पर्क कार्यों के स्थलों का चयन, योजनाओं को लिपिबद्ध रखने का यहीं सही समय है। अन्यथा आगे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों में व्यस्तता बढ़ जाएगी।

बैठक में काशी क्षेत्र महामंत्री व जिला प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने कहा कि अब पूरा ध्यान और कार्य बूथों पर करना है। एक बार कार्यकर्ताओं का परीक्षण समय रहते करना चाहिए। अच्छा कार्य करेंगे तो प्रोत्साहित होंगे, मंच भी मिलेगा, सम्मान भी। लेकिन लापरवाही स्वीकार्य नहींं होगी।

लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता 10 अप्रैल को सुबह 7 से 10 बजे तक जनसम्पर्क का कार्य करते हुए समर्थन और आशीर्वाद मांगने घर-घर जायें। लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल ने कहा कार्यकर्ता कोई छोटा बड़ा नहीं होता, आपके कार्य ही आपकी पहचान है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति ने करते हुए अतिथियों का आभार जताया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इससे पूर्व विधानसभा प्रभारी भोला तिवारी व विधानसभा संयोजक रत्नाकर सिंह पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। सभी ने एक बार फिर मोदी सरकार चार सौ पार बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में ब्लाॅक प्रमुख इन्द्र नाथ मिश्र, अश्विनी सिंह पटेल, रमाकांत विश्वकर्मा, प्रिंस गुप्ता, जय सिंह पटेल, पुष्पराज सिंह पटेल, प्रकाश शुक्ल, मनोज गुप्ता, बृजेश पांडेय, कुलदीप सिंह पटेल, अंजनी लाल, शिव प्रसाद केसरवानी, जगत नारायण शुक्ला, अखिलेश सिंह पटेल, शंकरलाल पांडेय, राजू सिंह, सुभाष सिंह पटेल, कुशल जैन आदि के साथ भारी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर