अनुसूचित जाति की सबसे बड़ी दुश्मन है कांग्रेस - दिलावर

कोटा, 9 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस पार्टी पर अनुसूचित जाति व जनजाति की सबसे बड़ी दुश्मन होने का आरोप लगाया है। दिलावर ने कहा कि डॉक्टर भीम राव अंबेडकर का कोई सबसे बड़ा शत्रु था तो वह थी कांग्रेस पार्टी। कांग्रेस ने कभी अंबेडकर जी को भारत रत्न नही दिया।

भाजपा के नारे अब की बार 400 पार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा 400 पार आरक्षण समाप्त का भ्रम फैलने के कांग्रेस के दुष्प्रचार पर मंत्री ने हमलावर होते हुए कहा कि चुनाव में फैलाया जा रहा ये झूठ कांग्रेस की निकृष्ट मानसिकता का परिचायक है। डॉक्टर भीम राव अंबेडकर ने समाज में समरसता लाने और नीचे के पायदान पर बैठे लोगों को ऊंचा उठाने के लिए संविधान मे यह प्रावधान किया था। संविधान की धारा 341 मे लिखा है कि जब तक छुआछूत रहेगी तब तक यह प्रावधान रहेगा।

दिलावर ने कहा कांग्रेस पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ाया, जबकि वो खुद चुनाव लडना चाहते थे और वो कांग्रेस पार्टी के सदस्य थे। उस समय डॉक्टर अंबेडकर को चुनाव लड़ाने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों की बैठक हुई और सर्वसम्मति बनी की अंबेडकर के खिलाफ कोई चुनाव नहीं लड़ेगा परंतु कांग्रेस मुकर गई और अंबेडकर जी के सामने कांग्रेस ने दूसरा प्रत्याशी चुनाव लड़ाया। अंबेडकर जी चुनाव लडे तो उनको हराने के लिए जवाहर लाल नेहरू सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने अंबेडकर जी और अनुसूचित जाति के लिए इतनी अभद्र भाषा का प्रयोग किया की उसका उल्लेख करना भी उचित नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/संदीप

   

सम्बंधित खबर