बलिया : नीरज शेखर को प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

बलिया, 10 अप्रैल (हि.स.)। दो बार लोकसभा और दो बार से राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को बलिया संसदीय क्षेत्र से भाजपा का टिकट मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। भाजपा की दसवीं सूची में नीरज शेखर का नाम आते ही जगह-जगह पटाखे फोड़े गए और जमकर अबीर गुलाल उड़ाए गए।

बलिया में एक जून को लोकसभा चुनाव होना है। भाजपा के उम्मीदवारों की हर सूची के साथ टिकट के दावेदारों का इंतजार लम्बा होता जा रहा था। दावेदारों के समर्थक सोशल मीडिया पर अपने-अपने नेता के पक्ष में मुहिम चला रहे थे। इसी बीच बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काट कर नीरज शेखर को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। लगातार तीसरी बार कमल खिलाने की जिम्मेदारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता जश्न में डूब गए। चन्द्रशेखर नगर स्थित नीरज के आवास 'झोपड़ी' पर कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े। वहीं, नगर विधायक व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के नारायणी टाकीज स्थित कार्यालय पर भी जमकर आतिशबाजी हुई। दयाशंकर सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में खुशियां मनाई गई। एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाने के साथ ही मिठाई खिलाई गई। कार्यकर्ताओं ने योगी-मोदी के नारे भी लगाए।

धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने पहले ही कमर कस लिया था। अब प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि यूपी में अस्सी सीटें जीतने का संकल्प पूरा होगा। उसमें बलिया की भी भूमिका रहेगी। इस अवसर पर अवनीश शुक्ल, शिवजी राय चंदेल, अरुण सिंह बंटू, धर्मवीर सिंह, कमलेश सिंह, पप्पू पाण्डेय, अमित गिरी आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश

   

सम्बंधित खबर