अखिल भारत हिन्दू महासभा ने निकाली 49वीं ध्वजारोहण यात्रा

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने निकाली 49वीं ध्वजारोहण यात्राअखिल भारत हिन्दू महासभा ने निकाली 49वीं ध्वजारोहण यात्रा

मेरठ, 10 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा चैत्र नवरात्र के द्वितीय दिन बुधवार को 49वीं ध्वजारोहण यात्रा निकाली। ध्वजारोहण यात्रा में श्रद्धालु उमड़ पड़े और माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

शारदा रोड स्थित प्राचीन श्रीराधा-कृष्ण मंदिर प्रांगण स्थित अखिल भारत हिन्दू महासभा के कार्यालय से इस वर्ष भी 49वीं ध्वजारोहण यात्रा निकाली गई। यह ध्वजारोहण यात्रा नौचंदी मैदान स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां चंडी देवी मंदिर और मां दुर्गा माता मंदिर तक निकाली जाती है। हिन्दू महासभा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. अशोक शर्मा के सान्निध्य में निकली इस ध्वजारोहण यात्रा में श्रद्धालु उमड़ पड़े। यात्रा के मुख्य संयोजक अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पिछले 48 वर्ष से यह यात्रा भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए लगातार निकाली जा रही है। यात्रा में प्राचीन पौराणिक मंदिरों के शिखरों पर चढ़ने वाले ध्वज, माता रानी के शृंगार का सामान, फल, फूल, मिष्ठान, प्रसाद सहित रथ पर रही। यात्रा में परंपरागत प्राचीन अस्त्र-शस्त्र तलवार, भाला, त्रिशूल, गदा, लाठी-डंडे आदि का प्रदर्शन किया गया। यात्रा में धार्मिक भजनों पर माता के जयकारे लग रहे थे। यात्रा के अंतिम छोर पर माता रानी का भव्य डोला चल रहा था। यह यात्रा शारदा रोड, देहली गेट चौपला, ओडियन रोड, भूमिया का पुल, गोला कुआं चौपला, आजाद रोड, शंभू दास गेट होते हुए नौचंदी मैदान स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ मां चंडी देवी मंदिर एवं प्राचीन मां दुर्गा देवी मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा में अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील त्यागी, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी, विश्व हिंदू पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य मदन, हिंदू डिफेंस लीग के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत जिंदल, शशि भूषण लोधी, विनोद भदौरिया, अक्षत दीक्षित और प्रथम दीक्षित आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर