राज्य में 2009 की होगी पुनरावृत्ति: राजीव महर्षि

देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर राजीव महर्षि ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल का भ्रम चार जून को दूर हो जाएगा, जब राज्य में 2009 की पुनरावृत्ति के साथ पांचों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत होगी।

चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर राजीव महर्षि ने एक जारी बयान में कहा कि लोगों को केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर भरोसा नहीं रह गया है। कांग्रेस के न्याय पत्र को प्रदेश की जनता ने हाथोंहाथ लिया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कोई असंभव वादा नहीं किया है बल्कि व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए केन्द्र सरकार के रिक्त तीस लाख पदों पर स्थाई नियुक्ति की बात की है। इससे हर वर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी का वादा करने वालों के चेहरे का नकाब उतरेगा।

महर्षि ने कहा कि उत्तराखंड में नौजवानों के लिए रोजगार और देश सेवा के जज्बे की पूर्ति सेना से होती है, भाजपा सरकार ने अपने निहित स्वार्थों के लिए अग्निवीर का झुनझुना थमाया। युवा इस बात को समझ चुके हैं। कांग्रेस ने अग्निवीर योजना खत्म कर स्थाई नियुक्ति का वादा किया है। इस पर प्रदेश के लोगों को भरोसा है।

उन्होंने कहा कि राज्य की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने में भाजपा सरकारें विफल रही, उल्टे वीआईपी को बचाने का षड्यंत्र ही रचती रही हैं। बेरोजगारों के हकों पर डाका डालने के लिए भाजपा ने ही हाकम सिंह पाले और तिवारी सरकार के भू कानून की धज्जियां उड़ाने का पाप भी भाजपा की सरकार ने ही किया है।

महर्षि ने कहा कि पूरे उत्तराखंड में इस समय एक अंडर करेंट की स्थिति है। निश्चित रूप से 2009 के इतिहास की पुनरावृत्ति होगी और कांग्रेस उत्तराखंड की पांचों सीटों पर विजयी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/आकाश

   

सम्बंधित खबर