भोपाल: मां के साथ खेत पर गई दो बहनें तालाब में डूबी, दोनों की मौत

भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। रातीबढ़ इलाके में स्थित ग्राम आमला में शुक्रवार सुबह मां के साथ खेत पर गई दो बच्चियां तालाब में डूब गईं। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे की है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शव पीएम के लिए हमीदिया हॉस्पिटल की मर्चुरी में भेज दिये गए हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दीप्ति वर्मा (13) और तनुश्री वर्मा (9) दोनों सगी बहनें ग्राम बढ़झिरी में रहती थीं। उनके पिता राजा राम वर्मा गांव में ही खाद बेचने का काम करते हैं। उनकी दुकान घर के पास ही है। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे दोनों बहनें मां चिंता बाई के साथ ग्राम आमला में बने स्वयं के खेत में गई थीं। मां को यहां से प्याज निकालने का काम करना था। खेत में ही एक पानी का तालाब बना है। मां काम में व्यस्त थीं, तभी दोनों बहनें नहाने के लिए तालाब में उतर गईं। दोनों एक साथ कब डूब गई, मां को पता ही नहीं लगा। करीब 10:30 बजे मां को बेटियों की याद आई। उन्होंने घर लौटने के लिए बेटियों को आस पास देखा तो कहीं नहीं दिखी। आवाजें देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह तालाब के करीब गई, तब बेटियों के शव उन्हें पानी में दिखाई दिए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। गांव वालों ने शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर