लोस चुनाव : पश्चिम यूपी में इंडी गठबंधन का सफ़ाया तय : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुक्रवार को कहा कि, पहले चरण का चुनाव ख़त्म होने को है और सपा मुखिया अखिलेश यादव मैदान में आने से बच रहे हैं। ऐसी क्या मजबूरी है अखिलेश जी! लगता है आपने हार स्वीकार कर ली है। मोदी जी के नेतृत्व में फिर भाजपा पश्चिम यूपी में इंडी गठबंधन का सफ़ाया करने जा रही है।

मेरठ पहुंचे उप मुख्यमंत्रीने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ नहीं रहे हैं, वे हिम्मत हार चुके हैं। उनके मन में लगातार हार से डर बैठ गया है। अवसाद और डर की वजह से शायद वो अभी बाहर निकलकर प्रचार करने से डर रहे हैं। अखिलेश ने यादव समाज का सारा टिकट परिवार को दे दिया है। समाज के साथ छल करने का काम अखिलेश यादव ने किया है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि इनके परिवार में भी एका नहीं है, वे चाचा को निपटा रहे हैं और चाचा उनको। परिवार में सबको सांसद, विधायक बनना है। दूसरी ओर इनके इंडी पार्टनर्स के तौर पर कांग्रेस में बेटा और दामाद की लांचिंग और रिलांचिंग का ही काम चल रहा है। देश और प्रदेश बेटा- दामाद की राजनीति से आगे बढ़ चुका है। उत्तर प्रदेश में भाजपा और मोदी की लहर है। जनता के आशीर्वाद से मोदी की सरकार बनने जा रही है। यूपी की सभी सीटों पर कमल खिलने जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से माफिया राज का पूरी तरह सफ़ाया हो गया है। जनता भय से मुक्त है। अब तो गाड़ी और भैंस चोरी का उद्योग भी बंद हो चुका है। पुलिस को देखते ही आज माफिया की पैंट गीली हो जाती है। हमने बड़े-बड़े माफ़ियाओं को कड़ी से कड़ी सजाए दिलाई है। अब यूपी में गुंडई के नाते पलायन की समस्या ख़त्म हो गई है।

विपक्षी राम-राम करने लगे हैं, लेकिन जनता को इनसे संभल कर रहना है। अहंकारी गठबंधन के वे लोग 12 लाख करोड़ रुपये के घोटालों और भ्रष्टाचार में शामिल हैं। सभी भ्रष्टाचारी आपस में मिलकर रैली निकाल रहे हैं, भ्रष्टाचारियों के लिए मौन व्रत रख रहे हैं। जनता इनके नीति और नीयत दोनों जानती है और इस बार वह प्रदेश में 80 की 80 सीटों पर भाजपा को जीतकर इनके मंसूबों को फेल करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर