रंजीत दत्ता के समर्थन में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने किया चुनाव प्रचार

शोणितपुर (असम), 13 अप्रैल (हि.स.)। आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। इस कड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज नारायणपुर में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री शोणितपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रंजीत दत्ता के पक्ष में प्रचार करने नारायणपुर पहुंचे थे।

नारायणपुर हायर सेकेण्डरी स्कूल मैदान में विशाल चुनावी सभा का आयोजन किया गया था। बिहपुरिया के विधायक डॉ. अमिय कुमार भुइयां ने चुनावी रैली में स्वागत भाषण दिया। रैली में 50 हजार लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने राज्य और देश में भाजपा नेतृत्वाधीन गठबंधन सरकार के द्वारा किये गये विकासपरक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में तीसरी बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। विपक्ष पर जमकर कटाक्ष करते हुए उनके अस्तित्व पर सवाल उठाय़ा। मुख्यमंत्री ने राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से 13 पर जीत का दावा करते हुए कहा कि 14वीं सीट पर भी जीत के प्रयास किये जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने लोगों से राज्य के तेज विकास के लिए भाजपा उम्मीदवार रंजीत दत्ता को जीताने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/निर्मलेंदु/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर