प्रियंका वाड्रा ने गंगा तट पर झूठ बोला, उनके नारी न्याय पर भरोसा नहीं : ममता काला

देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ममता काला ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा शनिवार को गंगा के पावन तट और देवभूमि में नारी न्याय की दुहाई दे रही थीं, लेकिन कांग्रेस ने एक भी महिला को उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव लड़ने के लायक नहीं समझा। इतना ही नहीं लड़की हूं, लड़ सकती हूं, कैंपेन की पोस्टर गर्ल अर्चना गौतम और उसके पिता को दिल्ली एआईसीसी कार्यालय से मारपीट कर बाहर निकलने का पाप भी कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में किया, लेकिन वह कुछ नहीं बोलीं। उनके नारी न्याय पर कोई भरोसा नहीं करने वाला है।

रिस्पना पुल स्थित पार्टी प्रदेश मीडिया सेंटर में राष्ट्रीय मीडिया टीम की सदस्य ममता काला ने पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका वाड्रा पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने प्रियंका वाड्रा की ओर से प्रस्तुत कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने किसानों से किया 72 हजार रुपये का पिछला वादा अपनी सरकारों में कभी पूरा नहीं किया, वे फिर महिलाओं के लिए 01 लाख का शिगूफा लेकर आए हैं।

उन्होंने कहा कि उनके वरिष्ठ नेता और राहुल के सलाहकार सुरजेवाला ने सोनिया गांधी की तरह उम्रदराज महिला सांसद हेमा मालिनी पर अश्लील टिप्पणी की, तो भी वह कुछ नहीं बोलीं। पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंडी से भाजपा महिला उम्मीदवार का मोल भाव लगाने वाली अपमानजनक पोस्ट की, लेकिन तब भी कांग्रेस की वह लड़की इस अन्याय के खिलाफ नहीं लड़ी। उनके भाई ने आदिशक्ति को समाप्त करने का संकल्प लिया, तब भी वह खामोश रहीं। लिहाजा कांग्रेस पार्टी और प्रियंका वाड्रा के नारी न्याय पर अब किसी को भरोसा नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस के न्याय पत्र की घोषणाओं की परत खोलते हुए कहा कि जो कल हाथ जोड़कर कह रहे थे कि एक मौका हमें दे दो, हम प्रत्येक महिला को एक-एक लाख रुपये देंगे। हम पूछते हैं कि 55 साल तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी के हाथ अब तक ऐसी मदद देने के लिए किसने बांधे हुए थे । उन्हें बताना चाहिए कि अपनी वर्तमान की तीन राज्य सरकारों और पूर्व की राज्य सरकारों में उन्होंने एक 1 लाख रुपये क्यों नहीं दिए। और इससे पूर्व 2019 के चुनाव में जो 72 हजार रुपये किसानों को देने का इन्होंने वादा किया था, उसे इन्होंने अपनी राज्य सरकारों में क्यों नहीं लागू किया। स्पष्ट है कि कांग्रेस को ना 72 हजार देने थे और ना ही 1 लाख रुपये देने हैं। क्योंकि वह भी जानते हैं कि सरकार कांग्रेस की नही आने वाली है, इसलिए कुछ भी वादा कर दो।

ममता ने प्रियंका गांधी की ओर से रामनगर के पास जंगल में एक मंदिर से लगाव की बात को देवभूमि की भावनाओं के साथ झूठा संबंध बनाने की कोशिश बताया। साथ ही आरोप लगाया कि जब असम के कामाख्या देवी मंदिर में जाते हैं तो फोटो वायरल हो जाती है, लेकिन 13 वर्ष की उम्र से इस मंदिर में जाने के बाद भी एक फोटो आपने कभी नहीं सार्वजनिक की। वे बताएं कितनी बार वे पहाड़ के सुदूर क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं से परिचित होने गईं। लिहाजा मात्र देहरादून घूमने आने से किसी का संबंध देवभूमि से नहीं हो सकता है। उन्हें अपने भाई राहुल और अन्य कांग्रेसी नेताओं की तरह सुविधावादी हिन्दू बनने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं। वे देश की सीमाओं की रक्षा में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। आज महंगाई दर 5 फीसद है, बेरोजगारी 3.1 फीसद हो गई है जो अब तक के सबसे न्यूनतम स्तर पर है। आज भारत विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और अगले कार्यकाल में तीसरे नंबर पर पहुंचना तय है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चे की पदाधिकारी स्वराज विद्वान,सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक,सुनीता बौड़ाई,कमलेश रमन प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर