लोकसभा चुनाव : उत्तराखंड में 11729 पोलिंग बूथ स्थापित

-डोली के लिए 1623 और 2437 लोगों ने व्हीलचेयर का किया अनुरोध

-सक्षम एप को 51 हजार 373 लोगों ने किया डाउनलोड

देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए राज्य में 11729 पोलिंग बूथ स्थापित किये जा रहे हैं। इन सभी बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य में 1623 लोगों ने डोली और 2437 लोगों की ओर से व्हीलचेयर का लिए अनुरोध किया गया है।

रविवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2024 के लिए 11729 पोलिंग बूथ स्थापित किये जा रहे हैं। इन सभी बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में सक्षम एप को 51 हजार 373 लोगों ने डाउनलोड किया है। इस ऐप के माध्यम से 1623 लोगों की ओर से डोली के लिए और 2437 लोगों व्हील चेयर का अनुरोध किया गया है।

समाज कल्याण विभाग की ओर से 3392 मैग्निफाइंग ग्लास की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई गई है। सभी जनपदों में 208 वाहन की व्यवस्था की गई है, जो दिव्यांग व्यक्तियों को बूथ तक लाएंगे और उसके बाद घर तक छोड़ेंगे। मतदान स्थलों पर 14 हजार 32 सहायक उपलब्ध रहेंगे, जो विभिन्न सहायता उपलब्ध करायेंगे। मतदान के दौरान हर बूथ पर ब्रेल आधारित बैलेट पेपर और निर्देशिका उपलब्ध कराई जा रही है। 13 हजार 480 ब्रेल आधारित बैलेट पेपर उपलब्ध कराए गये हैं।

आवश्यक सेवाओं से जुड़े 247 मतदाताओं ने किया मतदान-

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े 505 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से आवेदन किया था। अभी तक 247 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपना मतदान पूर्ण कर लिया है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े जिन लोगों ने आवेदन किया है, वे 16 अप्रैल तक अपना मतदान कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर