मोदी सरकार ने बाबा साहब के स्मृति में पंच तीर्थ का किया निर्माण : डॉ नरेंद्र सिंह गौर

--डॉ अम्बेडकर की जयंती सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया

प्रयागराज, 14 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महानगर द्वारा सिविल लाइन कार्यालय में बाबा भीमराव अम्बेडकर की 133वीं जयंती मनायी गई। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ अम्बेडकर के विजन को साकार कर रहे हैं। उनके सम्मान में पंच तीर्थ का निर्माण कर देश की भावी पीढ़ी को बाबा साहब के जीवन के संघर्ष और जीवन चरित्र का दर्शन करा रही है।

डॉ गौर ने कहा कि डॉ भीमराव अम्बेडकर ने दुनिया का सर्वोच्च संविधान भारत को दिया और सभी को समान अधिकार दिया। उन्होंने देश के नौजवानों को कहा था कि शिक्षित बनो एवं अपने अधिकार व कर्तव्य को पहचानो और राष्ट्र की एकता के लिए काम करो।

एमएलसी सुरेंद्र चौधरी एवं एमएलसी निर्मला पासवान ने कहा कि वास्तव में मोदी सरकार ही अंबेडकर के सपनों को साकार कर रही है। अम्बेडकर जिस समाज की लड़ाई लड़ते थे उस शोषित वंचित दलित अनुसूचित समाज को राजनैतिक अधिकार और सम्मान दिया है। मुझ जैसे कार्यकर्ताओं को विधान परिषद का सदस्य बनाया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि डॉ भीमराव अम्बेडकर सर्व समाज के नेता, गरीब शोषित वंचितों के मसीहा एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। इसके पूर्व छाया देवी, मुरारी लाल अग्रवाल, वरुण केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, रमेश पासी, संजय गुप्ता ने बाबा भीमराव अम्बेडकर के जीवन चरित्र पर दर्शन डाला।

कार्यक्रम के संयोजक श्याम चंद्र हेला ने संचालन करते हुए आए हुए व्यक्तियों का स्वागत किया। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इसके अलावा अनुसूचित महानगर मोर्चा अध्यक्ष राजेश कुमार सोनकर के नेतृत्व में सुबह 7 बजे डॉ अम्बेडकर की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और महेवा खान चौराहे से विशाल पदयात्रा निकाल कर बाबा साहब का विचार दर्शन जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। महानगर के 1216 बूथों पर डॉ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर