धमतरी : निस्तारी के लिए गंगरेल से 3600 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज

धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी अंचल के लिए जीवनदायिनी गंगरेल बांध में अब पानी बहुत कम बचा हुआ है। गर्मी के दिनों में निस्तारी के लिए लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। यदि यही स्थिति रही तो नाममात्र पानी डेड स्टोरेज में ही बचा रहेगा। ऐसे में यदि बारिश में देरी हुई तो मुश्किल हो सकती है।

गर्मी के दिनों में निस्तारी के लिए पानी की मांग होती है। जिसे देखते हुए प्रशासन के दिशा निर्देश पर जल संसाधन विभाग द्वारा नहर के माध्यम से पानी छोड़ा गया है। मुख्य नहर में पानी भरपूर चल रहा है। रूद्री बरॉज में गंगरेल से आवक लगातार बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार अभी गंगरेल बांध से 3600 क्यूसेक पानी रूद्री बरॉज के लिए छोड़ा जा रहा है। बताया गया कि बांध में

उपयोगी जल 4 टीएमसी ही बचा हुआ है। यदि ऐसी स्थिति बनी रही तो डेड स्टोरेज में ही पानी बचेगा। यहां से भिलाई स्टील प्लांट, रायपुर और धमतरी नगर निगम को पेयजल के लिए भी उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि मानसून में देरी हुई तो मुश्किल हो सकती है। रूद्री जल संसाधन विभाग के एसडीओ डीएस कुंजाम ने बताया कि रूद्री बरॉज से मुख्य नहर में 3500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मांग और उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर इसे कम ज्यादा किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर