भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत की लम्बी छलांग वाला : अनिल राजभर

--कांग्रेस, सपा का चुनावी घोषणा पत्र झुनझुना

प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र देश के 15 लाख जनता के सुझाव पर बनाए गए हैं। भाजपा का संकल्प और मोदी की गारंटी पर जनता को अटूट विश्वास है और पूरे देश ने इस बात को माना है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी के पूरे होने की गारंटी। क्योंकि भाजपा जो कहती है उसे तो पूरा करती ही है और जो नहीं भी कहती है लेकिन जनता के हित में यदि जरूरी होते हैं तो उसे भी पूरा करके दिखाती है। यह संकल्प पत्र विकसित भारत की लम्बी छलांग वाला है।

यह बातें सोमवार को कैबिनेट मंत्री और लोकसभा क्लस्टर प्रभारी अनिल राजभर ने महानगर, गंगापार एवं यमुनापार द्वारा लोक संकल्प पत्र को लेकर सिविल लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता को विश्वास है कि यदि मोदी की गारंटी है तो यह पूरा होकर रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 और 2019 में प्राप्त पूर्ण बहुमत को गांव, गरीब, वंचित, दलित, महिला, युवा और किसान को समर्पित किया और उनका जीवन हर क्षण राष्ट्र के विकास और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित है। भाजपा का संकल्प पत्र 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।

उन्होंने आगे कहा कि यह संकल्प पत्र विकसित भारत के चार स्तम्भ युवा शक्ति, नारी शक्ति, किसान और गरीब सभी को सशक्त करता है और हमारा फोकस डिग्निटी ऑफ लाइफ, क्वालिटी ऑफ लाइफ, निवेश से नौकरी पर है। इस संकल्प पत्र में क्वांटिटी ऑफ अपॉर्चुनिटी और क्वालिटी आप अपरटुनिटीस दोनों पर बहुत जोर दिया गया है। एक तरफ हमने सारे इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण से बड़ी संख्या में रोजगार बनाने की बात की है तो दूसरी तरफ हम स्टार्टअप ऑफ ग्लोबल सेंटर्स को बढ़ावा देकर हाई वैल्यू सर्विसेस पर भी ध्यान देने जा रहे हैं। मोदी की गारंटी है कि मुफ्त राशन की योजना आने वाले 5 साल तक जारी रहेगी। भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। भारत आज वूमेन लीड डेवलपमेंट में दुनिया को दिशा दिखा रहा है। आने वाले 5 वर्ष नारी सशक्तिकरण की नई भागीदारी के होंगे।

राजभर ने कहा कि भाजपा द्वारा विश्व प्रवासी ग्लोबल टूरिस्ट को हमारी विरासत से जोड़ा जाएगा और इस विरासत को हम वर्ल्ड हेरिटेज से जोड़ेंगे। 21वीं सदी के भारत की बुनियाद भाजपा तीन तरह से इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है। पहला सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर, दूसरा फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर व तीसरा है डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश में बड़े और कड़े निर्णय से कभी पीछे नहीं हटती। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। उन्होंने कहा जब तक भारत एक समान नागरिक संहिता नहीं अपनाता है तब तक लैंगिक समानता नहीं हो सकती। भाजपा एक समान नागरिक संहिता बनाने के लिए अपने रुख को दोहराती है। जिसमें सर्वोत्तम परम्पराओं को शामिल किया जाएगा और उन्हें आधुनिक समय के साथ जोड़ा जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सपा, कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र मात्र एक झुनझुना है जिस पर जनता विश्वास अब नहीं करती। क्योंकि जब यह पार्टियों सत्ता में थी तो अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सपा और बसपा का जनाधार खो चुका है। वे अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत होगी और अबकी बार 400 पार कर तीसरी बार मोदी सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष गंगापार कविता पटेल, फूलपुर लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी, फूलपुर लोक सभा संयोजक विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, जिला मीडिया प्रभारी यमुनापार दिलीप चतुर्वेदी, फूलपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी विधायक प्रवीण पटेल, विधानसभा शहर उत्तरी प्रभारी अनुज सिंह परिहार, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद सुदर्शन वैश्य, नीरज पांडे आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर