विकसित भारत का सपना साकार करने केन्द्र में तीसरी बार बनायें मोदी सरकार : किरण देव

गांधीनगर, जवाहर नगर, वल्लभ भाई पटेल वार्ड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया डोर टू डोर संपर्क

जगदलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। बस्तर लोकसभा चुनाव के मतदान के लिये गिनती के चंद दिन ही शेष है। भारतीय जनता पार्टी बस्तर का किला जीतने के लिये प्रचार-प्रसार में समग्र ताकत लगा रही है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण देव ने मंगलवार शाम शहर विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा निकाली गयी रैलियों में शामिल हुये और बस्तर लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने व केन्द्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने जनता के बीच पहुंचकर आग्रह किया।

किरण देव ने शहर के गांधीनगर वार्ड, वल्लभ भाई पटेल वार्ड और जवाहर नगर वार्ड में डोर टू डोर पहुंचकर लोगों से सीधा संपर्क किया और जीवंत संवाद स्थापित कर भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को लोकसभा चुनाव में विजयी बनाने अपील की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों के कार्यकाल में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जन-जन को मिला है। उज्ज्वला गैस, प्रधानमंत्री आवास, जनधन खाता, पक्के शौचालय, स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आमजन के स्वास्थ्य की चिंता करते हुये आयुष्यान योजना जैसे अनेक काम जमीनी स्तर पर पूरे हुये हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तीन माह में ही मोदी की गारंटी को पूरी गारंटी के साथ पूर्ण कर रही है।

देव ने कहा कि प्रदेश के किसानों व तेंदूपत्ता संग्राहकों से किया वायदा तय समय में भाजपा सरकार ने तय समय में निभाया। महतारी वंदन योजना में प्रदेश की सम्मानीय माता, बहनों, बेटियों के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपये की दूसरी किश्त भी पहुंच गयी है। भाजपा जनता जनार्दन से जो वादा करती है, उसे जि़म्मेदारी से पूरा करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत का सपना साकार कर रहे हैं। मौजूदा लोकसभा चुनाव में आमजन का एक एक मत महत्वपूर्ण है। केन्द्र में पुन: तीसरी बार मोदी सरकार बनाने भाजपा को विजयी बनायें व बस्तर की युवा आवाज महेश कश्यप को संसद भेजने के लिये भाजपा के पक्ष में मतदान करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सघन जनसंपर्क के दौरान विद्याशरण तिवारी, संजय पाण्डेय, अविनाश श्रीवास्तव, शशिनाथ पाठक, रौशन झा, अभिषेक तिवारी आदि सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर