प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में देश का गौरव बढ़ा : सतपाल महाराज

- भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के पक्ष में मांगे वोट

नैनीताल, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को पीरुमदारा स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार अनिल बलूनी के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार को उपलब्धियों को गिनाया।

सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में देश का गौरव बढ़ा है। मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व धारा 35ए हटाकर ऐतिहासिक और साहसिक कदम उठाया। अयोध्या विवाद का भी मोदी सरकार में ही हल संभव हुआ और वहां पर भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाई और मेक इन इंडिया की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा मद में गर्जिया देवी मंदिर के सुरक्षात्मक कार्य हेतु 10 करोड़ रुपये स्वीकृत करने के साथ ही 5 करोड़ रुपये की निविदा भी हो चुकी है। इसके अलावा लेटी, चोपड़ा, रामपुर टोंगिया को राजस्व ग्राम भी घोषित किया गया है। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के पक्ष में वोट करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार/नवीन जोशी/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर