भाजपा ने राेहतक में मेयर सहित 22 वार्ड में पार्षद उम्मीदवारों का किया ऐलान
- Admin Admin
- Feb 15, 2025

तीन लाख 19 हजार मतदाता मेयर व पार्षदों के भाग्य का करेगे फैसला
कांग्रेस व आम आदमी पार्टी से भी चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों ने प्रचार प्रसार किया शुरू
रोहतक नगर निगम में 22 वार्ड है शामिल, मेयर का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित
रोहतक, 15 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। रोहतक नगर निगम में 22 वार्ड शामिल है और मेयर का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। दो मार्च को नगर निगम का चुनाव होगा। जिला प्रशासन ने भी नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। मेयर व पार्षद पदों पर चुनाव लडऩे के लिए उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार शुरू भी कर दिया है। भाजपा ने मेयर पद के लिए रामअवतार वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया है और 22 वार्डो में सभी अपने उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए है।
17 फरवरी तक नगर निगम चुनाव के लिए नामाकंन होगा और 19 फरवरी को नामाकंन वापिस लेने की प्रक्रिया के बाद उसी दिन चुनाव चिन्ह भी उम्मीदवारों को अलाट कर दिए जाएंगे। रोहतक नगर निगम के 22 वार्डो में 268 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए है और लगभग तीन लाख 19 हजार मतदाता मेयर पार्षदों के भागय का फैसला करेगे। इन मतदाताओं में एक लाख 65 हजार पुरूष व एक लाख 53 हजार महिला मतदाता शामिल है। हालांकि अभी कांग्रेस पार्टी द्वारा मेयर पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है, जबकि कांग्रेस की तरफ से मेयर पद के लिए बलवान सिंह रंगा व सूरजमल किलोई प्रमुख दावेदार माने जा रहे है और दोनो ने ही अपनी अपनी तैयारियां भी काफी समय से ही शुरू कर रखी है।
आम आदमी पार्टी ने भी मेयर पद के लिए अमित खटक को उम्मीदवार बनाया है। दरअसल जब से रोहतक नगर निगम बना है तब से लेकर अब तक दो बार चुनाव हुए है और एक बार कांग्रेस व एक बार भाजपा समर्थित मेयर बने है। अब यह तो 12 मार्च को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा कि कांग्रेस या भाजपा मेयर पद पाने में कामयाब होती है। नगर निगम मेयर पद पाने के लिए कांग्रेस व भाजपा ने ऐडी चोटी का जोर लगा रखा है।
भाजपा ने 22 वार्डो में इन उम्मीदवारों को किया घोषित
नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने 22 वार्डो में प्रत्याशियों की घोषणा की है, जोकि इस प्रकार है। वार्ड नंबर एक से अक्षय, दो से आशा लत्ता, तीन से शोभा बिडलान, चार से रिंकू देवी, पांच से सुरेश किराड, छह से नीरा भटनागर, सात से कपिल नागपाल, आठ से कविता देवी, नौ से कुलबीर, दस से मेजर ज्योति, 11 से राजेश प्रधान, 12 से सुशील कुमार, 13 से सुबेदार धर्मबीर फौजी, 14 से कंचन खुराना, 15 से अनिता मिगलानी, 16 से मुक्ता नागपाल, 17 से डिम्पल जैन, 18 से देवीरानी, 19 से नरेन्द्र कौशिक, 20 से प्रवीन कौशिक, 21 से बिजेन्द्र बैरागी व 22 से रिना रानी शामिल है। भाजपा ने नारीशक्ति को बढ़ावा देते हुए 50 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को टिकट दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल