
बलिया, 4 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस की वर्दी और फर्जी असलहे के साथ लग्जरी वाहन से घूम कर लोगों पर रौब गांठने वाला फर्जी दरोगा शुक्रवार को बलिया पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के हाथ लगा यह फर्जी दरोगा हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस अधीक्षक के पीआरओ ने जानकारी दी कि नगरा थाने के गौरा मदनपुरा मार्ग पर फायर स्टेशन के पास दोपहर करीब एक बजे स्थानीय पुलिस चेंकिग कर रही थी। उसी दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। उसकी तलाशी ली गयी तो उसने अपना नाम अमित कुमार यादव पुत्र अवधेश यादव निवासी गौरा मदनपुरा थाना नगरा बताया। उसके पास उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर का पुलिस एक फर्जी पहचान पत्र व वर्दी में फर्जी फोटो मिला। साथ ही एक ग्लाक पिस्टल मिला। जिसे ट्वाय गन भी कहा जाता है। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा, एक जिन्दा जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस व सफेद रंग की क्रेटा कार बरामद हुई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि फर्जी पहचान पत्र व वर्दी को वह जनता के बीच अपनी धौंस व जरूरत पड़ने पर अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया करता था। पकड़े गए फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध लखनऊ की एक अदालत द्वारा धारा 83 की कार्रवाई का भी आदेश दिया गया है। उसका आपराधिक इतिहास भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी