कोलकाता मेट्रो : आठ और नौ मार्च को ग्रीन लाइन पर ठप रहेगी यात्री सेवा
- Admin Admin
- Mar 04, 2025

कोलकाता, 4 मार्च (हि.स.)। कोलकाता मेट्रो की ग्रीन लाइन पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बार फिर परेशानी की खबर है। मेट्रो रेल प्राधिकरण ने घोषणा की है कि जरूरी मरम्मत और तकनीकी काम के कारण आगामी सप्ताहांत यानी आठ मार्च (शनिवार) और नौ मार्च (रविवार) को ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर फाइव तक किसी भी मेट्रो का संचालन नहीं होगा।
मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, इन दो दिनों में कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) सिस्टम का काम किया जाएगा। इसके चलते ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर पर कोई मेट्रो नहीं चलेगी।
मेट्रो के मुताबिक, सात मार्च (शुक्रवार) की शाम से ही ग्रीन लाइन पर असर दिखने लगेगा।
शुक्रवार को सियालदह से सॉल्टलेक सेक्टर फाइव जाने वाली अंतिम मेट्रो शाम 7:03 बजे रवाना होगी, जबकि सामान्य दिनों में यह रात 9:35 बजे तक चलती है। वहीं, सॉल्टलेक सेक्टर फाइव से सियालदह के लिए आखिरी मेट्रो शाम 7:05 बजे चलेगी, जो सामान्य दिनों में रात 9:40 बजे चलती है।
इसके अलावा ग्रीन लाइन के एस्प्लेनेड-हावड़ा मैदान रूट पर भी अंतिम मेट्रो शुक्रवार को रात 9:45 बजे के बजाय शाम सात बजे चलेगी।
सोमवार को सुबह की पहली मेट्रो सेवा भी देर से शुरू होगी। 10 मार्च (सोमवार) को सॉल्टलेक सेक्टर फाइव से सियालदह जाने वाली पहली मेट्रो सुबह 8:05 बजे चलेगी, जबकि सामान्य दिनों में यह सुबह 7:05 बजे चलती है। वहीं सियालदह से सॉल्टलेक सेक्टर फाइव के लिए पहली मेट्रो सुबह 8:15 बजे रवाना होगी, जबकि सामान्य समय सुबह 6:55 बजे है।
इसी तरह, एस्प्लेनेड से हावड़ा मैदान के लिए पहली मेट्रो सुबह आठ बजे चलेगी, जबकि सामान्य दिनों में यह सेवा सुबह सात बजे शुरू हो जाती है।
मेट्रो अधिकारियों ने साफ किया है कि ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं इन दिनों पूरी तरह सामान्य रहेंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ग्रीन लाइन पर मरम्मत कार्य के कारण दो बार सेवाएं बंद रह चुकी हैं। 13 फरवरी से 16 फरवरी और 20 फरवरी से 23 फरवरी तक ग्रीन लाइन पर यात्री सेवा पूरी तरह बाधित रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर