तीन साै बीघा भूमि से हटाए अतिक्रमण, 100 करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्ति कराई कब्जामुक्त
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
जैसलमेर, 06 जून (हि.स.)। नगर विकास न्यास (यूआईटी) जैसलमेर ने अपनी बहुमूल्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में शुक्रवार को बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 300 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया। बाईपास क्षेत्र में स्थित इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर विकास न्यास के अनुसार राजस्व ग्राम जैसलमेर स्थित खसरा संख्या 678 एवं 679 की भूमि, जो नवीन निर्मित जैसलमेर बाईपास सड़क (बाड़मेर रोड से एयरपोर्ट सर्किल) के दोनों ओर स्थित है, पर कुछ समय से विभिन्न व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जे किए जा रहे थे। बाईपास सड़क के निर्माण के बाद इस क्षेत्र में भूमि की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई तथा क्षेत्र का महत्व बढ़ने से कुछ लोगों ने कच्चे-पक्के निर्माण, अस्थायी चारदीवारियां एवं अन्य संरचनाएं खड़ी कर न्यास की भूमि पर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया था।
नगर विकास न्यास द्वारा पूर्व में संबंधित व्यक्तियों को नोटिस, चेतावनी एवं समझाइश देकर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर प्रदान किया गया था। बावजूद इसके अवैध कब्जे नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को पुलिस प्रशासन एवं राजस्व अधिकारियों के सहयोग से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। जिन पक्के मकानों में परिवार निवासरत पाए गए, उन्हें तत्काल बेदखल नहीं किया गया। ऐसे परिवारों को अपना सामान एवं परिवार सहित अन्यत्र स्थानांतरित होने तथा भूमि स्वेच्छा से खाली करने के लिए दो दिवस का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस व्यापक अभियान के परिणामस्वरूप लगभग 300 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे नगर विकास न्यास की बहुमूल्य संपत्ति सुरक्षित हो सकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी न्यास की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे, अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा एवं ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह महत्वपूर्ण कार्रवाई नगर विकास न्यास के सचिव सुखाराम पिण्डेल के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में भूमि अवाप्ति अधिकारी सत्यपाल खत्री, तहसीलदार गेगा राम मीणा, अधिशाषी अभियंता कमलेश मंगल, सहायक अभियंता अशोक चौहान, प्रेमाराम, नवीन सहित राजस्व एवं तकनीकी शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित पटवारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा भी आवश्यक सुरक्षा एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया।
नगर विकास न्यास ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी अथवा न्यास की भूमि पर अवैध कब्जा अथवा निर्माण करने से बचें। साथ ही भूमि खरीद-फरोख्त से पूर्व संबंधित भूमि के स्वामित्व, अभिलेख एवं वैधानिक स्थिति की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी अथवा प्रशासनिक कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
---------------

