घर से भागी लड़कियों को दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
- Admin Admin
- Mar 09, 2025

बलिया, 09 मार्च (हि.स.)। घर से भागी लड़कियों को लालच देकर दूसरे राज्यों में बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने रविवार को भांड़ाफोड़ किया है। एक नाबालिग लड़की समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दो नाबालिग बच्चियों को बरामद किया गया ।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को बताया कि मनियर थाना में दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने की रिपोर्ट लिखी गई थी। पहली लड़की 24 दिसंबर 2024 को गायब हुई थी तो वहीं दूसरी लड़की 13 जनवरी को। मामले की जांच कर रही पुलिस ने राजस्थान के पाली जिले में अशोक कुमार कुमावत, किशन भाटी और मनियर थाना के गौरा बगही गांव के मोहन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एक नाबालिग लड़की भी हिरासत में ली गई है। उनकी निशानदेही पर दोनों लापता लड़कियों को मुक्त कराया है।
अभियुक्तों ने स्वीकारा कि उनका एक गिरोह है, जो उन लड़कियों पर नजर रखता है जो घर से भागी हुई होती है। इन लड़कियों को लालच देकर दूसरे राज्यों में शादी एवं घरेलू काम के लिए बेच देते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी