सेवा और समर्पण भाव से समाज सेवा और राष्ट्रहित के संस्कार का विस्तार कर रहा है भाविप : सीएम

भारत विकास परिषद के स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभभारत विकास परिषद के स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभ

-अहमदाबाद में भारत विकास परिषद के स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभ, समाज सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए संस्था के कार्यकर्ता सम्मानित

अहमदाबाद, 09 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अहमदाबाद स्थित साइंस सिटी में भारत विकास परिषद(भाविप) के स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाविप सेवा और समर्पण भाव से समाज सेवा और राष्ट्रहित के संस्कार का विस्तार कर रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत विकास परिषद के कार्यकर्ताओं को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘राष्ट्रहित प्रथम’ की भावना मजबूत हुई है। इतना ही नहीं, आज सेवा और समर्पण के भाव द्वारा उन्नत समाज के जरिए विकसित राष्ट्र के निर्माण की भावना भी साकार हो रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में दुनिया में भारत का गौरव और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिखाया है कि सेवा भाव, संस्कार और सेवा दायित्व के साथ भी राजनीति की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। सेवा ओर समर्पण भाव के माध्यम से आज संस्कृति और विरासत का संरक्षण हो रहा है और इसके जरिए विकसित एवं वैभवशाली भारत के निर्माण की नींव रखी जा रही है। समाज और राष्ट्र निर्माण में भारत विकास परिषद के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश अमृतकाल से गुजर चल रहा है, ऐसे में भारत विकास परिषद जैसी संस्थाएं सरकार और प्रशासन की पूरक बनकर समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ाकर अपनी अनूठी समाज सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्था अलग-अलग क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र हित के संस्कारों का विस्तार कर रही है।

महाकुंभ के श्रेष्ठ प्रबंधन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए महाकुंभ में आते हैं। महाकुंभ के माध्यम से भारतवर्ष दुनिया में एकता, अस्मिता और गौरव का एक अनूठा केंद्र बन गया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सभी क्षेत्रों में ‘सबका साथ, सबका विकास’ का कार्यमंत्र साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 का वर्ष सरदार साहब की 150वीं जयंती, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती के साथ ही संविधान का अमृत उत्सव मनाने का वर्ष है। इसीलिए, प्रधानमंत्री ने इस वर्ष को देश के गौरव को उजागर करने के वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सूत्र ‘यही समय है, सही समय है’ को दोहराते हुए राष्ट्रहित प्रथम और विश्व बंधुत्व की भावना के साथ सभी लोगों से स्वर्णिम भारत और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का अनुरोध किया।

भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील खेड़ा ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं के इस संगम की तुलना महाकुंभ के संगम के साथ की। उन्होंने समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में संस्था के कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की और समाज के उत्थान के लिए संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों की आंकड़ों के साथ जानकारी भी प्रदान की। भारत विकास परिषद के मध्य प्रांत के अध्यक्ष फाल्गुनभाई वोरा ने स्वागत भाषण दिया। उल्लेखनीय है कि भारत विकास परिषद समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत लोगों का एक संगठन है, जो भारतीय समाज के विकास के लिए नैतिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, राष्ट्रीय और आध्यात्मिक क्षेत्र में अनेक गतिविधियों और कार्यक्रमों के जरिए समाज के उत्थान का कार्य करता है।

भारत विकास परिषद के स्वर्ण जयंती महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन, स्थानीय विधायक, गुजरात में भारत विकास परिषद के संस्थापक और ट्रस्टी सुरेन्द्रभाई पटेल, कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं उत्तर प्रांत के ट्रस्टी भरतभाई ठक्कर, अहमदाबाद मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि, कई सामाजिक अग्रणी, भारत विकास परिषद से जुड़े कार्यकर्ता और उनके परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर