केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने त्रिपुरा सरकार की दो नई परियोजनाओं की घोषणा की
- Admin Admin
- Mar 09, 2025

अगरतला, 9 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में एक सार्वजनिक बैठक में त्रिपुरा सरकार की दो नई परियोजनाओं की घोषणा की।
त्रिपुरा में भाजपानीत सरकार 2.0 की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर स्वामी विवेकानंद मैदान पर आयोजित एक जनसभा को केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संबोधित किया। इस मौके पर नड्डा ने राज्य में 'मुख्यमंत्री बालिका समृद्धि योजना' की घोषणा की। इस योजना के तहत राज्य सरकार गरीब परिवार यानी बीपीएल परिवार में जन्म लेने वाली प्रत्येक बालिका के खाते में 50 हजार रुपये की राशि जमा कराएगी। जब लड़की 18 वर्ष की होगी तो यह राशि 8-10 लाख रुपये तक हो जाएगी।
त्रिपुरा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कॉलेज जाने वाली छात्राओं को स्कूटी देने के लिए 'मुख्यमंत्री कन्या आत्मनिर्भर योजना' की भी घोषणा की। इस परियोजना के तहत टीबीएसई, सीबीएसई और आईसीएसई से उच्चतर माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली 140 मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए इस परियोजना को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया। नड्डा ने यह भी बताया कि कैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की संस्कृति को बदल दिया है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद (राज्यसभा) राजीव भट्टाचार्य, सांसद (लोकसभा) कृति सिंह देबबर्मा, सांसद (लोकसभा) बिप्लब कुमार देब, भाजपा पर्यवेक्षक एवं पूर्वोत्तर के सांसद संबित पात्रा, राज्य के मंत्री, विधायक और कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय