पूर्व मंत्री जी.एस. बाली की याद में एचआरटीसी कार्यशाला में मंदिर का निर्माण
- Admin Admin
- Mar 06, 2025

धर्मशाला, 06 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों का विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली के प्रति अटूट प्रेम मुझे हमेशा प्रेरणा देता है और मेरे लिए मार्गदर्शक का काम करता है। यह शब्द पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आर.एस. बाली ने वीरवार को हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की नगरोटा कार्यशाला में नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में पंहुचने पर कहे।
उनके साथ उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम अजय वर्मा भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। पूर्व परिवहन मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली और उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय किरण बाली की याद में एचआरटीसी के कर्मचारियों द्वारा यह मंदिर बनवाया गया है। पुजारियों ने आर.एस. बाली, उपाध्यक्ष अजय वर्मा, समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों से पूजा अर्चना करवाकर मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को संपन्न करवाया।
आरएस बाली ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए एक लाख रुपये दिए। उन्होंने कहा कि आज कार्यशाला में मंदिर का निर्माण होने से यहां कार्य करने वाले सभी अधिकारियों कर्मचारियों को सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी जिससे उनकी कार्य क्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने नगरोटा बस स्टैंड में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य मूर्ति निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस भव्य मूर्ति के निर्माण के लिए उन्होंने पूर्व में भी 10 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। नगरोटा बस स्टैंड में अब 15 लाख रुपए की लागत इसका निर्माण होगा।
इसके बाद आर.एस बाली ने हटवास में नए भवन के निर्माण का शिलान्यास किया। 16 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन को गांव के युवाओं और बच्चों के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय के रूप में उपयोग में लाया जाएगा। आर.एस बाली ने ओबीसी भवन नगरोटा में कार्यकर्ताओं की बैठक में शिरकत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया