पिथौरागढ़, 03 फरवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेलों के बॉक्सिंग मुकाबले पिथौरागढ़ के श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज इंडोर स्टेडियम में चल रहे हैं। सोमवार को चौथे दिन महिला और पुरुषों की श्रेणियों में कई प्रारंभिक मुकाबले हुए।
महिला लाइट फ्लाई (50 किलोग्राम) में तमिलनाडु की एस दीपा को उत्तर प्रदेश की कुसुम से हार का सामना करना पड़ा, जबकि चंडीगढ़ की रितिका ने दिल्ली की नीलम को हराकर जीत दर्ज की। महिला बैंटम (54 किलोग्राम) में मणिपुर की शगोलसेम बिजेता चानू ने लद्दाख की निलजया अंगमो को हराया, जबकि गोवा की सुमन यादव मध्यप्रदेश की दिव्या पवार से हार गईं। महिला फेदर (57 किलोग्राम) के मुकाबले में राजस्थान की संगीता खोखर ने गुजरात की मिनाक्षी भानुशाली को हराया, जबकि उत्तर प्रदेश की अपराजिता मणि को मणिपुर की सोवी जाजो ने हराया।
महिला लाइट (60 किलोग्राम) में कर्नाटका की ई योगश्री को पंजाब की सिमरनजीत कौर बाथ से हार का सामना करना पड़ा, वहीं मध्यप्रदेश की खुशी सिंह सेंगर भी मणिपुर की ठोंगम कुंजारानी से हार गईं। महिला वेल्टर (66 किलोग्राम) में दिल्ली की सिया को नागालैंड की संजू ने हराया, जबकि ओडिशा की श्रुतिशा रानी पानिग्राही को तमिलनाडु की एम स्वेता ने हराया। महिला मिडिल (75 किलोग्राम) के मुकाबले में कर्नाटका की राधिका एच आर को महाराष्ट्र की विधि राकेश से हार मिली, जबकि झारखंड की निशा कुमारी को चंडीगढ़ की प्रांशु राठोड़ से हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष फ्लाई (51 किलोग्राम) में मध्यप्रदेश के अनुराग कुमार को असम के गौरव मजुमदार से हार मिली, जबकि हरियाणा के विकास ने पंजाब के जयशांदीप सिंह को हराया।
पुरुष फेदर (57 किलोग्राम) में मध्यप्रदेश के हिमांशु श्रीवास ने जम्मू कश्मीर के राहुल कुमार को हराया, वहीं पंजाब के विशाल कुमार ने पुडुचेरी के एम उदय प्रकाश को हराया।
पुरुष लाइट वेल्टर (63.5 किलोग्राम) में उत्तराखंड के हर्षवर्धन जोशी को महाराष्ट्र के हरिवंश तिवारी से हार मिली, जबकि गुजरात के मोहम्मद फैसल शेख को तेलंगाना के कोंडा पवन कल्याण ने हराया। पुरुष लाइट मिडल (71 किलोग्राम) में सर्विसेज के हितेश गुलिया ने अरुणाचल प्रदेश के केर्लिंग वेनिया को हराया, जबकि मध्यप्रदेश के अनिरुद्ध प्रताप बुंदेला ने तमिलनाडु के एम प्रभु को हराया। पुरुष लाइट हेवी (80 किलोग्राम) में हरियाणा के अभिमन्यु लौरा को उत्तराखंड के हिमांशु सोलंकी से हार मिली, वहीं दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव के संतोष बराली ने ओडिशा के आलोक कुमार को हराया।
पुरुष हैवी (92 किलोग्राम) में केरल के संपत एम पी को हिमाचल प्रदेश के चेतन चौधरी ने हराया, जबकि राजस्थान के विशाल सैनी ने पंजाब के कंवरप्रीत सिंह को हराया। पुरुष सुपर हैवी (+92 किलोग्राम) में राजस्थान के तरुण शर्मा ने मध्यप्रदेश के अमन सिंह बिष्ट को हराया, जबकि बिहार के मुरली कुमार को केरल के मुहसिन मोहम्मद ने हराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह