हिसार : हरियाणा की तरह अब दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार विकास को देगी नई दिशा : रणबीर गंगवा
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/8721ff5f89df47920b48ef2c3cd7387e_829388869.jpg)
हिसार, 8 फरवरी (हि.स.)। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री
रणबीर सिंह गंगवा ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर खुशी जाहिर की है।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विकास के विजन की जीत बताया है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को बधाई देने वालों को बरवाला में तांता लगा नजर
आया। वे बरवाला में आमजन की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रणबीर
गंगवा की मौजूदगी में लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा
कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जिस प्रकार से ट्रांसपेरेंसी के साथ
बिना किसी भेदभाव के तमाम राज्यों में बीजेपी की सरकारें काम कर रही है। उसी का परिणाम
है कि दिल्ली की जनता ने भी बीजेपी को चुना है।
हरियाणा की तरह अब दिल्ली में भी डबल
इंजन की सरकार वहां के विकास को नई दिशा देगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बीजेपी
सरकार बनने को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जाने वाले यमुना के पानी
को लेकर वहां की तत्कालीन सरकार के मुखिया और नेताओं द्वारा हरियाणा पर आरोप लगाए गए
थे। उसका जवाब खुद दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को दे दिया है। गंगवा ने कहा कि
हरियाणा में बीजेपी सरकार ने लगातार 10 साल तक काम करते हुए हरियाणा को विकास के मामले
में एक नई दिशा देने का काम किया है। वैसे ही परिणाम अब दिल्ली में भी देखने को मिलेंगे।
केंद्रीय नेतृत्व और दिल्ली की नेताओं की मेहनत ने दिल्ली में बीजेपी को सत्ता सौंपने
का काम किया है। चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने के मकसद से अरविंद केजरीवाल और
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कई तरह के प्रोपेगेंडे चलाए थे, लेकिन वहां की जनता इस
बार अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के झूठे सपनों में नहीं उलझी। दिल्ली की जनता ने
इस बार बीजेपी पर विश्वास जताया है। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, बरवाला नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरी
वाला, नपा के वाइस चेयरमैन ताराचंद नलवा, बीजेपी मंडल अध्यक्ष मोनू संदूजा, महेश शर्मा,
रामकेश बंसल, राजेंद्र सांगवान, पवन शर्मा, प्रवीन सैनी, राधे श्याम गुंदली सहित काफी
संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर