![](/Content/PostImages/874d97b8cdb005b10836e90f2e1996d8_1713786853.jpeg)
जयपुर, 7 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तरी हवाओं से प्रदेश का पारा लगातार गोता लगा रहा है। प्रदेश के 5 शहरों का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। 2.1 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में पारे में गिरावट थमने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। वर्तमान में अधिकांश भागों में तापमान सामान्य है तथा शेखावाटी क्षेत्र में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। आगामी 48 घंटो में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। राज्य में आगामी दिनों में शीतलहर की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 21 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर के अलावा करौली का 3.8, माउंट आबू का 4, नागौर का 4.3 और लूणकरणसर का 4. 6 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तरी हवाओं के चलते लगातार जयपुर के पारे में गिरावट आई है। लोगों को सुबह-शाम तेज सर्दी का अहसास हो रहा है। दिन में तेज धूप के चलते सर्दी का अहसास कम हो रहा है। जयपुर में दिनभर मध्यम गति की हवाएं चली। जयपुर के दिन के तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी और रात के तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 24.7 और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश