महिलाओं को प्रलोभन दे रही भाजपा : मीरा बरठाकुर

गुवाहाटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी लोक सभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार मीरा बरठाकुर ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए महिलाओं को प्रलोभन दे रही है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा चुनावी सभा में खुलेआम छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपए देने का प्रलोभन दे रहे हैं।

वहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं से कह रहे हैं कि चुनाव के एक महीने के अंदर महिलाओं को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता महिलाओं को यह कह कर बरगला रहे हैं कि यदि भाजपा उम्मीदवार को वोट नहीं दिया तो योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिलेगा।

कांग्रेस उम्मीदवार बरठाकुर ने कहा कि यह चुनावी आचार संहिता का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है। पत्रकार सम्मेलन के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार ने भाजपा पर और भी कई आरोप लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर