बारिश तुफान से किसानों की चिंता बढ़ी, फसल का हुआ नुक्सान

कठुआ 27 अप्रैल (हि.स.)। मौसम भी किसानों का साथ नहीं दे रहा। पहले गर्मी बढ़ने से किसानों के खेतों में आग लगने के मामले सामने आ रहे थे और अब बारिश के चलते नुक्सान हो रहा है। आखिर वही हुआ जिसका किसानों को डर सता रहा था। गेहूं कटाई का कार्य तेजी से जारी है लेकिन शनिवार को सुबह अचानक बारिश और तेज तुफान से किसानों की चिंताए बढ़ गई।

पिछले दो सप्ताह से खेतों में कंबाइन और स्वंय किसान गेहूं की कटाई कर रहे हैं। वहीं शुक्रवार को भी किसानों ने गेहूं कटाई की थी। लेकिन शनिवार को बार-बार आसमानी बिजली की तेज गर्जना ने किसानों के दिलों में दहशत पैदा कर दी। शनिवार को तेज आंधी आने से गेहूं की ढेरियों पर रखी तिरपालें भी उड़ गई। अनाज की हिफाजत के लिए किसान दौड़े लेकिन मौसम के आगे बेबस हो गए। फिलहाल दो दिन और बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। इससे गेहूं की फसल को काफी नुकसान होगा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक लगातार आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मौसम की यह स्थिति किसानों के लिए बेहद दुखदायी बन चुकी है। इस बार कुदरत ने ऐसा कहर बरपाया कि किसान को संभलने का मौका ही नहीं दिया। मौसम खराब रहने की वजह से इस बार गेहूं कटाई का काम पहले से ही देर से शुरू हुआ। गेहूं की फसल पकने में समय लगा है। अनाज मंडियों में भीड़ ना हो इसके लिए खरीद केंद्र बनाए गए। लेकिन प्रकृति की मार लगातार पड़ रही है। इससे किसानों की कमर टूट जाएगी।

हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन/बलवान

   

सम्बंधित खबर